नोएडा: टेलीग्राम पर निवेश का झांसा, युवक से 13.31 लाख की ठगी

नोएडा में साइबर अपराधियों ने निवेश पर दोगुना मुनाफा देने का लालच देकर युवक से 13 लाख से अधिक की ठगी की। साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

नोएडा। साइबर अपराधियों ने टेलीग्राम के जरिए निवेश करने पर दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर युवक से 13 लाख 31 हजार रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रबूपुरा क्षेत्र के जौनचाना गांव निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि उनके टेलीग्राम अकाउंट पर 13 सितंबर 2025 को एक लिंक आया। लिंक के माध्यम से उन्हें बताया गया कि यदि वे विभिन्न बैंक खातों में धनराशि जमा करेंगे तो उन्हें निवेश की गई रकम पर दोगुना लाभ मिलेगा। अधिक मुनाफे के लालच में आकर सतीश कुमार ने आरोपियों के बताए खातों में रुपये ट्रांसफर करने शुरू कर दिए।

उन्होंने 16 सितंबर 2025 को एक खाते में दो लाख रुपये भेजे। इसके बाद उसी दिन दूसरे खाते में तीन लाख 81 हजार 553 रुपए ट्रांसफर किए। अगले दिन 17 सितंबर को उन्होंने एक अन्य खाते में सात लाख 50 हजार रुपये जमा कर दिए। इस प्रकार उन्होंने कुल 13 लाख 31 हजार 553 रुपये कई बैंक खातों में भेज दिए।सतीश कुमार का आरोप है कि रकम जमा कराने के बाद उनके ऑनलाइन खाते में लगभग 11 लाख रुपये का फर्जी बैलेंस दिखाया गया। आरोपियों ने कहा कि अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए उन्हें और धनराशि जमा करनी होगी। बार-बार अतिरिक्त रुपये जमा करने का दबाव बनाए जाने पर उन्हें संदेह हुआ। जांच करने पर उन्हें पता चला कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार निवेश पर कम समय में दोगुना या अत्यधिक लाभ देने के दावे अक्सर फर्जी होते हैं। लोगों को किसी भी अनजान लिंक, टेलीग्राम ग्रुप या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निवेश संबंधी प्रस्तावों पर भरोसा करने से बचना चाहिए। निवेश से पहले संबंधित कंपनी और प्लेटफॉर्म की सत्यता की जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.