नोएडा: महागुन मिराबेला सोसायटी में तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी को कुचला
नोएडा की महागुन मिराबेला सोसायटी की पार्किंग में तेज रफ्तार कार ने मां-बेटी को टक्कर मारी। महिला गंभीर रूप से घायल, आरोपी चालक गिरफ्तार।
नोएडा शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है. नोएडा की महागुन मिराबेला सोसायटी की पार्किंग में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार होंडा अमेज कार ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला और उसकी 5 साल की बेटी को टक्कर मार दी. हादसा इतना जोरदार था कि दोनों करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरीं. घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के तहत आने वाले सेक्टर-79 की महागुन मिराबेला सोसायटी की है.
घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बच्ची को भी चोटें आई हैं. हादसे के समय महिला अपने पति और बेटी के साथ कार में सामान निकाल रही थी. तभी बेसमेंट पार्किंग में तेज रफ्तार से आई कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत मदद के लिए पहुंचे.
कार के नीचे फंसी रही महिला
जानकारी के अनुसार, सोसायटी निवासी अरुण शर्मा अपनी पत्नी कृतिका और बेटियों के साथ रहते हैं. अरुण नोएडा की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. सोमवार रात परिवार पार्किंग में खड़ी कार से सामान निकाल रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने कृतिका और उनकी छोटी बेटी को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची कार के नीचे आ गई. उसे तुरंत बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कृतिका कार के नीचे फंस गईं. लोगों ने इकट्ठा होकर कार को उठाया और करीब 4 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला. इसके बाद मां-बेटी को फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया.
डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कृतिका की पसलियों में फ्रैक्चर, सिर में चोट और कंधे में गंभीर चोट आई है. उनका इलाज जारी है.
हादसे का CCTV वीडियो
आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि नहीं
सेक्टर-113 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है. मेडिकल जांच में चालक के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
वहीं सोसायटी के लोगों का आरोप है कि पार्किंग क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार को लेकर लापरवाही बढ़ती जा रही है. पार्किंग में दो घुमावदार मोड़ हैं और यहां 10 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा तय है, लेकिन आरोपी की कार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही थी.