नोएडा में भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा समेत 200 लोगों पर FIR दर्ज, पुलिस से मारपीट का आरोप

नोएडा के सेक्टर-113 थाने में भारतीय किसान परिषद अध्यक्ष सुखबीर खलीफा और 200 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज। पुलिस से मारपीट का आरोप।

नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में भारतीय किसान परिषद (BKP) के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा और उनके साथियों समेत 200 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें 40 लोगों को नामजद किया गया है। इन लोगों पर सड़क पर नारेबाजी, रास्ता अवरुद्ध करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं।

6 सितंबर से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे आरोपी

पर्थला चौकी प्रभारी अंकित शर्मा की शिकायत पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है। चौकी प्रभारी ने अपनी शिकायत में बताया है कि भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा की ओर से नोएडा में पर्थला फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे खाली क्षेत्र में नया विद्युत संयोजन दिए जाने की मांग को लेकर 6 सितंबर से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। 21 सितंबर को प्रदर्शन में लाउडस्पीकर के माध्यम से संबोधन किया जा रहा था, जिससे आसपास आने-जाने वाले लोगों को परेशानी और लगातार समस्या का सामना करना पड़ रहा था। सुखबीर खलीफा और उनके साथ मौजूद करीब 150-200 अन्य लोग 13 सितंबर को भी बिना अनुमति मुख्य मार्ग पर पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और मार्ग बाधित कर दिया। इससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

पुलिस से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की, मारपीट का भी आरोप

आरोप है कि फुटपाथ पर रखे सरकारी गमलों और अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे वहां अफरा-तफरी और भय का माहौल पैदा हो गया। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों और धरना दे रहे लोगों को हटाने तथा स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे और तैनात पुलिस बल के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की तथा मारपीट करने लगे। उन्होंने मुख्य मार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया था। शिकायतकर्ता ने कहा है कि इस तरह की हरकतें आए दिन की जाती हैं और कभी भी सड़क पर आकर मार्ग बाधित कर लोगों में भय का माहौल बनाया जाता है।

नोएडा प्राधिकरण पर फिर आंदोलन का ऐलान

वहीं, भारतीय किसान यूनियन मंच के केंद्रीय कार्यालय शाहपुर में रविवार को बैठक हुई। किसानों की वर्षों से लंबित समस्याओं पर चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि 7 अक्टूबर से सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में अनिश्चितकालीन किसान अस्तित्व बचाओ आंदोलन शुरू होगा। भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि नोएडा और उसके आस-पास के किसानों की समस्याओं का समाधान लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार द्वारा एक हाई पावर कमेटी का गठन किया गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.