नोएडा में 10 किमी बढ़ेगी यमुना पुस्ता रोड, सेक्टर-150 में सीधे जुड़ेगी यमुना एक्सप्रेसवे से

नोएडा में यमुना पुस्ता रोड का सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक 10 किमी विस्तार किया जाएगा। ₹200 करोड़ की लागत से बनने वाली यह रोड सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी।

नोएडा में यमुना पुस्ता रोड का 10 किलोमीटर विस्तार किया जाएगा। अब इसको सेक्टर-135 से 150 तक बनाने की योजना तैयार की जा रही है। सेक्टर-150 में यह रोड यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ी जाएगी। इस रोड के निर्माण में करीब 200 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। नोएडा प्राधिकरण ने इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इसका निर्माण सिंचाई विभाग करेगा, जबकि जो खर्चा आएगा उसको प्राधिकरण वहन करेगा।

पुस्ता रोड बनने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर जाम में कमी आएगी। अभी पुस्ता रोड सेक्टर-168 छपरौली गांव के सामने तक बनी हुई है। आगे टूटी-फूटी हालत में कच्चा रास्ता है। इसको चार लेन का बनाया जाएगा। अभी नोएडा पुश्ता रोड सेक्टर-94 से शुरू होकर सेक्टर-135 एडवांट के सामने तक है। एक्सप्रेसवे पर पड़ने वाले ऑफिस के लोग इस रोड का प्रयोग करते हैं। ये यमुना का बंधा भी है। इस रोड की रिसर्फेसिंग की जानी है, जिसके लिए प्राधिकरण करीब 34 करोड़ रुपए खर्च कर रहा है।

सिचाईं विभाग को इसके लिए 11 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसको लेकर ही सिचाईं विभाग और प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच एक बैठक की गई। इसमें निर्णय लिया गया कि यदि रोड की रिसर्फेसिंग की जा रही है तो इसका विस्तार भी किया जा सकता है। इससे दो फायदे होंगे। पहला यमुना एक्सप्रेस वे को नया लिंक मिल जाएगा और दूसरा बंधा की लंबाई बढ़ेगी, जिससे बाढ़ का खतरा आगे के गांव में नहीं होगा।

यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा

अधिकारियों ने बताया कि इस पुश्ते की लंबाई 10 किमी बढ़ाई जाएगी। ऐसे में इसको सेक्टर-135 से सेक्टर-150 के सामने तक बनाया जाएगा। यहां इसको यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। यहां एक रोटरी के जरिए इसे एक्सप्रेसवे से जोड़ेंगे, जिससे दिल्ली के कालिंदी कुंज से आने वाला ट्रैफिक इस रोड के जरिए यमुना एक्सप्रेस वे तक जा सकेगा। निर्माण शुरू होने से पहले सिचाईं विभाग इसका डिजाइन तैयार करेगा और प्राधिकरण को देगा। इसके बाद टेंडर जारी किया जाएगा।

सेक्टरों की अधूरी सड़के पूरी होंगी

वहीं, यमुना सिटी के सेक्टरों में अधूरी सड़कों को पूरा करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सेक्टर-5ए, 7, 8डी, 8ई व 8एफ में कंपनियों को भूमि आवंटित की जा रही है, लेकिन इन सेक्टरों में काफी सड़के अधूरी है। किसानों से वार्ता कर भूमि लेते हुए सड़कों का निर्माण पूरा किया जाएगा।

यीडा सीईओ आरके सिंह ने बताया कि प्राधिकरण सेक्टर-5ए में आवासीय भूखंड योजना शुरू करने जा रहा है। यहां अभी आंतरिक विकास कार्य नहीं शुरू हो पाए हैं। इसी माह यहां नई कंपनी के शिलान्यास भी की तैयारी है। सेक्टर-7, 8ई व 8एफ में भी सड़के अधूरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.