गाजियाबाद में हरनंदीपुरम टाउनशिप का पहला फेज जल्द, 15 अगस्त के बाद जीडीए बोर्ड बैठक में आएगा प्रस्ताव

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की सबसे बड़ी हरनंदीपुरम टाउनशिप परियोजना के पहले फेज (50 हेक्टेयर) का प्रस्ताव 15 अगस्त के बाद बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।

गाजियाबाद में हरनंदीपुरम टाउनशिप के पहले चरण का काम जल्द शुरू होगा। इसका प्रस्ताव इस माह होने वाली बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। पहला फेज करीब 50 हेक्टेयर जमीन पर लाने की तैयारी की जा रही है। हरनंदीपुरम योजना गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय टाउनशिप परियोजना है। करीब 501 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित होने वाली यह योजना मथुरापुर, शमशेर, चंपतनगर, भनेड़ा खुर्द, नगला फिरोज मोहनपुर, भोवापुर, शाहपुर निज मोरटा और मोरटा समेत 8 गांवों की भूमि पर विकसित होगी।

अधिकारी बताते हैं कि इस योजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले फेज का काम लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में शुरू करने की तैयारी है।

15 अगस्त के बाद होगी जीडीए बोर्ड बैठक

यह भोवापुर और शाहपुर गांव की जमीन पर विकसित होगा। साथ ही इस पूरी परियोजना की डीपीआर और लेआउट भी तैयार हो रहा है। माना जा रहा है कि 15 अगस्त के बाद होने वाली जीडीए बोर्ड बैठक में हरनंदीपुरम टाउनशिप को लॉन्च करने का प्रस्ताव रखा जाएगा, जिसमें इसकी डीपीआर और लेआउट भी शामिल होंगे। हालांकि, डीपीआर और लेआउट पूरी योजना का तैयार कराया गया है, लेकिन पहले फेज को लॉन्च करते वक्त सिर्फ उसी का अध्ययन कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। योजना का उद्देश्य केवल आवासीय भूखंड विकसित करना नहीं, बल्कि सुविधाओं से युक्त एक टाउनशिप तैयार करना है। इसमें चौड़ी सड़कें, जलापूर्ति, सीवर नेटवर्क, विद्युत व्यवस्था, वर्षा जल संचयन, हरित क्षेत्र, पार्क, सामुदायिक एवं सामाजिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

शासन से आ चुकी दो किस्त

अधिकारी बताते हैं कि शासन इस योजना पर 1,200 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसमें से शासन ने वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत 400 करोड़ रुपये प्राधिकरण को भेजे थे। जबकि जीडीए ने 800 करोड़ रुपये खर्च किए। यह रकम जमीन खरीदने के लिए हुई थी। अब शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 943.37 करोड़ की दूसरी किस्त स्वीकृत कर दी।

जीडीए वीसी लगातार समीक्षा कर रहे

जीडीए उपाध्यक्ष हरनंदीपुरम योजना को खुद देख रहे हैं। इसकी प्रगति को लेकर लगातार समीक्षा कर रहे हैं। दो चरण में आने वाली इस योजना के लिए अब तक कुल 200 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है। जबकि सरकारी जमीन को प्राधिकरण अपने नाम पर हस्तांतरण करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही बची हुई जमीन को लेकर किसानों से सहमति बनाई जा रही है।

नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ”हरनंदीपुरम टाउनशिप विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इस महीने होने वाली बोर्ड बैठक में इसके पहले फेज को लॉन्च करने का प्रस्ताव रखा जाएगा, जहां से स्वीकृति मिलने पर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.