पंचकूला पुलिस मुठभेड़: नोनी राणा गैंग के 2 गुर्गे गिरफ्तार, बड़ी वारदात टली

पंचकूला में पुलिस और नोनी राणा गैंग के बीच मुठभेड़। 6 राउंड फायरिंग के बाद 2 घायल बदमाश गिरफ्तार। करनाल के नीलकंठ ढाबा पर फायरिंग की योजना का खुलासा।

पंचकूला: पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई है. गुरुवार, 30 अप्रैल को एएनसी स्टाफ को अपने एक मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी नोनी राणा के दो गुर्गे बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर पंचकूला क्षेत्र में असलाह के साथ घूम रहे हैं और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. इस पर एएनसी स्टाफ तुरंत हरकत में आया और कार्रवाई की.

नाकाबंदी कर पुलिस टीमों को अलर्ट किया: डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार सूचना पर तुरंत जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से नाकाबंदी करवाई गई और विभिन्न टीमों को अलर्ट कर क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई. एएनसी की टीम सेक्टर-23 क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी दो युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिए. इंचार्ज प्रवीण कुमार की अगुवाई में टीम ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उनका पीछा किया और निफ्ट संस्थान के पास स्थित डंपिंग ग्राउंड के नजदीक दोनों आरोपियों की घेराबंदी की गई.

फायरिंग करने पर जवाबी कार्रवाई में घायल: पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबराकर भागने लगे लेकिन उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई. इसके बाद भी उन्होंने भागने का प्रयास किया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा और आरोपियों को काबू करने के लिए जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से कुल 6 राउंड फायरिंग हुई. जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत पुलिस टीम ने तुरंत उपचार के लिए नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया.

करनाल के नीलकंठ ढाबा पर फायरिंग की योजना: डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नोनी राणा गैंग से जुड़े हुए हैं और उनके साथी मोनू गुजर के निर्देश पर जिला करनाल स्थित नीलकंठ ढाबा पर फायरिंग की योजना बना रहे थे. इसके लिए उन्होंने पंचकूला के गांव चौकी क्षेत्र से अवैध असलाह भी लिया था.

आरोपियों से दो हथियार बरामद किए: पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध .32 बोर हथियार बरामद किए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना चंडीमंदिर के प्रभारी को तहरीर दे दी गई है. पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, गैंग नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की गहनता से जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने बारे भी पूछताछ की जा रही है कि आरोपी करनाल के नीलकंठ ढाबा पर किन कारणों के चलते फायरिंग करना चाहते थे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.