पंचकूला में नमो क्रिकेट लीग का आगाज, सीएम सैनी ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ—दिए कई बड़े आंकड़े

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले का शुभारंभ किया। इस दौरान युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

पंचकूला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर के क्रिकेट ग्राउंड में नमो क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले का शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं की प्रेरणा के स्रोत अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें नमन किया. इस लीग में ग्रैंड फिनाले के दौरान 4 अक्टूबर तक मुख्य मुकाबले खेले जाएंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी भी उपस्थित रहे. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने पंचकूला से ही नमो क्रिकेट लीग-2026 की ट्रॉफी का अनावरण किया था.

पंचकूला में नमो क्रिकेट लीग-2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के मकसद से आयोजित नमो क्रिकेट लीग में पांच राज्यों की 32 से अधिक टीमों ने भाग लिया है. यह लीग आगामी 4 अक्तूबर तक चलेगी. मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट, सहयोगी संस्थाओं, आयोजन समिति, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रत्येक सहभागी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा की इस लीग का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और उनके सेवा-संकल्प से जुड़ा है.

खेलों में हरियाणा का दबदबा: मुख्यमंत्री ने कहा कि “हरियाणा की मिट्टी में खेल और खिलाड़ी दोनों रचे-बसे हुए हैं. ओलंपिक हो, पैरालंपिक हो, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं, हरियाणा के खिलाड़ियों ने सिद्ध किया है कि छोटा प्रदेश होते हुए भी हरियाणा का हौसला बहुत बड़ा है. यही हौसला हाल ही में ग्लासगो में हुए 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में देखने को मिला, जहां भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान प्राप्त किया. इनमें से हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते हैं, जिनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं.”

‘नौकरियों के माध्यम से खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित कर रही सरकार’: सीएम ने कहा कि “इन खेल उपलब्धियों का श्रेय प्रदेश के खिलाड़ियों की मेहनत और सरकार की खेल नीति को जाता है. हरियाणा की खेल नीति स्पष्ट है- प्रतिभा को पहचान, खिलाड़ी को सम्मान और खेल को मजबूत आधार देना. राज्य सरकार नर्सरियों, आधुनिक स्टेडियमों, प्रशिक्षण सुविधाओं, नकद पुरस्कारों और सरकारी नौकरियों के माध्यम से खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.”

खिलाड़ियों को 742 करोड़ और नौकरियां: मुख्यमंत्री ने कहा कि “राज्य सरकार द्वारा पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद इनाम दिए जाते हैं. पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रदेश के 17,544 खिलाड़ियों को 742 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी है. 260 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां भी दी हैं. खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए खेल के बुनियादी ढांचे का होना बेहद जरूरी है. पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च की है. इसके अलावा खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने के लिए खेल नर्सरियां बनाई, जिनकी संख्या 2 हजार हैं.”

नशा मुक्त भारत की शपथ: मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग की थीम नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना है. उन्होंने कहा कि आज इस मंच से सभी संकल्प लें कि न तो नशा करेंगे और दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करेंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित खिलाड़ियों और आमजन को नशा मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई. इस मौके पर सूफी गायक कंवर ग्रेवाल ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांधे रखा. कार्यक्रम में चेयरमैन मोहन लाल कौशिक, मेयर श्याम लाल बंसल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओम प्रकाश देवीनगर, मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल खदरी और अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.