पंचायत भवन में आयोजित हुआ सेवा सेतु कैंप और अंत्योदय उत्थान मेला, 21 विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
भिवानी के पंचायत भवन में सेवा सेतु कैंप और अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन। 21 विभागों ने स्टॉल लगाकर दी योजनाओं की जानकारी।
भिवानी। पंचायत भवन में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु कैंप और मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला फेज-2.0 का आयोजन किया गया, जिसमें 21 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। एसडीएम महेश कुमार ने मेले में स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पात्रता और जरूरत के अनुसार अधिक से अधिक नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
गांव धारेडू निवासी अशोक ने बताया कि वह दो भैंस लेना चाहते हैं जिसके लिए शिविर में पहुंचे थे। पशुपालन विभाग ने उन्हें आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी दी। गांव अजीतपुर निवासी संदीप ने बताया कि वह पीएम स्वनिधि योजना के तहत चाय की रेहड़ी लगाकर रोजगार शुरू करना चाहते हैं। उन्हें योजना के तहत मिलने वाले ऋण और सब्सिडी की जानकारी दी गई, जिससे अब वह आसानी से आवेदन कर सकेंगे।