पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की हत्या, लोहे के बक्से में रखकर फेंका शव

उन्नाव के हाईवे किनारे बक्से में मिला युवक का शव। पुलिस ने CCTV और NPR कैमरों की मदद से 12 घंटे के भीतर पत्नी और उसके साथियों को किया गिरफ्तार।

मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम कांड की तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक खौफनाक मामला सामने आया है, जिसे लोग ‘बक्सा कांड’ के रूप में चर्चा कर रहे हैं। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के पास एक लोहे के बक्से में युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी और नंबर प्लेट पहचानने वाले एनपीआर (NPR) कैमरों की मदद से महज 12 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी नेहा रावत ने अपने पड़ोसी और एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

🔍 शराब के नशे में विवाद के बाद सिलबट्टे से हमला: 1,200 रुपये में लोडर बुक कर हाईवे किनारे फेंका गया था बक्सा

एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतक सोनू की शादी करीब नौ साल पहले नेहा रावत से हुई थी, लेकिन सोनू के शराब पीने और आए दिन मारपीट करने के कारण घर में अक्सर विवाद रहता था। घटना वाली रात पड़ोसी राहुल ने सोनू को शराब पिलाई थी, जिसके बाद घर पहुंचने पर उपजे विवाद में पत्नी नेहा ने सिर पर सिलबट्टे से वार कर दिया और राहुल ने कंबल से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में रखे लोहे के बक्से में बंद कर 1,200 रुपये में लोडर बुक करके हाईवे किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी नेहा रावत, राहुल और तौहीद को गिरफ्तार कर लिया है और बेहतरीन खुलासे के लिए पुलिस टीम को 20 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.