पत्नी से विवाद के दौरान पिता ने 5 साल के बेटे को मारा मुक्का, मासूम की मौत
नोएडा के मामूरा की घटना; मां की शिकायत पर पिता के खिलाफ केस, पुलिस ने हिरासत में लिया
नोएडा। न्यूज़ डेस्क जगत क्रान्ति। राजेश / विवेक । नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा गांव, सेक्टर-66 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी से विवाद के दौरान एक पिता पर अपने पांच वर्षीय बेटे को मुक्का मारने का आरोप है। इसके बाद बच्चा बेहोश होकर गिर गया और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 29 अगस्त 2026 की है। बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि उसके पति विकास का किसी बात को लेकर उससे विवाद हो रहा था। इसी दौरान विकास ने पांच वर्षीय बेटे आकाश को कथित तौर पर जोरदार मुक्का मार दिया। चोट लगने के बाद बच्चा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। थाना फेस-3 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मां की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जानकारी में बच्चे को मुक्का मारने की बात सामने आई है, हालांकि मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगा। आरोपी ने पूछताछ के दौरान मुक्का मारने के आरोप से इनकार भी किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।