पलवल: थाने की हवालात में युवक की संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम
पलवल के उटावड़ थाने की हवालात में 25 वर्षीय सैफ की संदिग्ध मौत। न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी और वीडियोग्राफी के बीच हुआ पोस्टमार्टम, परिजनों ने लगाए आरोप।
पलवल : पलवल में उटावड़ थाने की हवालात में 25 वर्षीय युवक सैफ पुत्र नूरुद्दीन की मौत के मामले में दिनभर चले घटनाक्रम के बाद आखिरकार देर शाम करीब छह बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हथीन के न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की कैमरे से लाइव रिकॉर्डिंग भी कराई गई।
सुबह करीब साढ़े छह बजे मलाई गांव निवासी सैफ का शव उटावड़ थाने की हवालात में फंदे से लटका मिला था। बताया गया कि युवक को चोरी के एक मामले में पुलिस पकड़कर थाने लाई थी। जिसमें खालिद नाम के पुलिस कर्मी की मुख्य भूमिका बताई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रात में ओढ़ने के लिए दी गई चादर की कथित तौर पर पतली पट्टी बनाकर युवक ने फंदा लगाया और हवालात की छत के पास लगे एंगल से लटक गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस हिरासत में मौत होने के कारण मामले में मजिस्ट्रेटी जांच और न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अपनाई गई। इस सारी प्रक्रिया की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। मृतक सैफ से पोस्टमार्टम को लेकर सुबह से ही पलवल के नागरिक अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात रहा। लेकिन परिजनों की ओर से दरखास्त नहीं दिए जाने के कारण कार्रवाई में देरी हुई और देर शाम जाकर पोस्टमार्टम हो सका। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक की मां शायरा और चाची इस्लामी ने उटावड़ थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों ने पुलिस पर सैफ को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने कहा कि उन्हें न्याय चाहिए और मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
वहीं, पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस परिजनों और मीडिया के सवालों से बचती नजर आई। पुलिस की ओर से मामले में जानकारी देने से भी परहेज किया गया।अब इस मामले में मजिस्ट्रेटी जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि उटावड़ थाने की हवालात में आखिर सैफ की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ पुलिस हिरासत में युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं।