पलवल: STF ने 50 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा, भारी हथियार बरामद
हरियाणा STF की पलवल यूनिट ने नीरज फरीदपुरिया गैंग के 50 हजार के इनामी बदमाश सोनू और एक अन्य सप्लायर को गिरफ्तार किया। भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद।
पलवल: हरियाणा एसटीएफ की पलवल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीरज फरीदपुरिया गैंग के 50 हजार रुपये के इनामी सदस्य समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी पलवल में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते उन्हें दबोच लिया गया.
होडल से दबोचा गया इनामी आरोपी: एसटीएफ के डीएसपी प्रीतपाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि, “इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर के नेतृत्व में टीम ने 18 जुलाई को होडल से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के बजौता निवासी सोनू उर्फ प्रमोद को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 224 कारतूस बरामद किए गए. अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक विदेशी पीएक्स-3 हथियार, एक अन्य पिस्टल और एक देशी गन भी बरामद हुई. इस तरह आरोपी से कुल पांच अवैध हथियार और 230 कारतूस बरामद किए गए.”
16 संगीन मामलों का आरोपी: डीएसपी प्रीतपाल के अनुसार सोनू उर्फ प्रमोद के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, फिरौती और धमकी देने समेत 16 गंभीर मामले दर्ज हैं. वह बुलंदशहर के काकोड़ थाने में दर्ज हत्या के मामले में फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. जांच में सामने आया कि वह नीरज फरीदपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंग के लिए हथियार सप्लाई का काम भी करता था.
“बड़ी वारदात को अंजाम देने की कर रहे थे तैयारी”: डीएसपी प्रीतपाल ने आगे कहा कि, “पूछताछ के दौरान आरोपी से कई अहम खुलासे हुए हैं. उसके अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हथियारों के जरिए पलवल में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी, लेकिन एसटीएफ ने समय रहते कार्रवाई कर उसे विफल कर दिया.”
दूसरे हथियार सप्लायर को भी जेल भेजा: मामले में एसटीएफ ने पलवल के चांदहट थाना क्षेत्र के मिल्कगनी गांव निवासी ललित उर्फ ललती को भी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार ललित भी हथियार सप्लायर है और उसके खिलाफ पलवल व फरीदाबाद में हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, धमकी देने और आर्म्स एक्ट के तहत 16 मुकदमे दर्ज हैं. पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.