CJP आंदोलन पर बोले RSS नेता इंद्रेश कुमार: ‘भारत को विकसित होने से रोकना चाहती हैं विदेशी शक्तियां’
आरएसएस (RSS) के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के पीछे भारत को कमजोर करने वाली विदेशी ताकतें हैं।
जंतर-मंतर पर एक महीने से ज्यादा समय से चल रहे प्रदर्शन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सीनियर नेता इंद्रेश कुमार ने बड़ा आरोप लगाया है। कॉकरोच जनता पार्टी और उनके समर्थकों पर आरोप लगाते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि इन विरोध प्रदर्शनों के पीछे विदेशी ताकतें हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए दावा किया कि ये ताकतें नहीं चाहती हैं कि भारत एक विकसित, मजबूत और शिक्षित देश बने।
देश को बर्बाद करना चाहती हैं विदेशी ताकतें
कॉकरोच जनता पार्टी और उनके साथ आए लोगों को प्रदर्शन को लेकर इंद्रेश कुमार ने कहा कि मैं जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने आए छात्रों से कहना चाहता हूं कि अब तक एक बात तो साफ हो गई है कि इन विरोध प्रदर्शनों के पीछे देश और दुनिया की वो ताकतें हैं, जो नहीं चाहते कि भारत एक विकसित, मजबूत और शिक्षित देश बने। उन्होंने कहा कि ये ताकतें देश को बर्बाद करना चाहती हैं।
इंद्रेश कुमार की अपील
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं से इंद्रेश कुमार ने एक बड़ी अपील की है। इंद्रेश कुमार ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले युवाओं से सकारात्मक मूल्यों को अपनाने और देश की प्रगति में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत अपने विकास और स्टार्टअप इकोसिस्टम के जरिए दुनिया के लिए एक रोल मॉडल के तौर पर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि आज हजारों-लाखों स्टार्टअप के जरिए भारत पूरी दुनिया के लिए एक रोल मॉडल के तौर पर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि इस रोल मॉडल को बनाने में सभी को सरकार का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित करने के लिए सभी को स्वतंत्र रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां सीख सकें कि जब वैश्विक ताकतें भारत के विकास, शिक्षा, समृद्धि, खुशी के साथ-साथ सद्भाव को तोड़ने की कोशिस की जा रही थी, तब इसे बचाने में इन युवाओं और इन लोगों ने भूमिका निभाई थी।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि अगर आप कुछ अच्छा नहीं कर सकते, तो कम से कम बर्बाद तो न करें। उन्होंने कहा कि अगर आप दूसरों को अच्छा करते हुए नहीं देख सकते, तो उसे खराब करने की कोशिश न करें। यह दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसा नहीं किया जाना चाहिए।