पश्चिम यूपी में बीजेपी की चुनावी तैयारियां तेज, गौतमबुद्धनगर और मेरठ में शीर्ष नेतृत्व का दौरा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने पश्चिम क्षेत्र में कसी कमर। सीएम योगी और पार्टी अध्यक्ष के दौरों से जुड़े राजनीतिक समीकरण जानिए।
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम क्षेत्र में भाजपा का मिशन-2027 रफ्तार पकड़ चुका है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही कार्यकर्ताओं और युवाओं को साधने के उद्देश्य से पश्चिम में डेरा डाले हुए है।
पश्चिम में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के 3 दिवसीय दौरे की शुरुआत रविवार को गौतमबुद्धनगर से हो चुकी है। ग्रेटर नोएडा के जीबीयू में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट में शुरू होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा की। इस ट्रेड शो के उद्घाटन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ग्रेटर नोएडा आएंगे।
21 सितंबर को मेरठ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मेरठ पहुंचेंगे। इनका रात्रि प्रवास भी मेरठ में ही रहेगा। यहां एक ही दिन में 4 बैठकें होंगी। अगले दिन 22 सितंबर को सहारनपुर में भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दौरा है। वहां पर भी दो कार्यक्रम होंगे। सुभारती यूनिवर्सिटी के मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र के 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों को संबोधित करेंगे। यहां पर आयोजित कार्यक्रम में वह दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। एआई, जेनजी, शिक्षा, महंगाई, बेरोजगारी आदि मुद्दों पर यह संवाद होगा। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें होंगी। नितिन नवीन अगले दिन 22 सितंबर को सहारनपुर में शाकुम्भरी देवी के दर्शन भी करेंगे। यहां पर भी दो बैठकें आयोजित की गई हैं। इनमें भी मुख्यमंत्री के साथ रहने की बात पार्टी के नेता कर रहे हैं।
यह है भाजपा का पश्चिम क्षेत्र
भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों में बांटा है। पश्चिम क्षेत्र में मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल के 14 जिले शामिल हैं। इनमें सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुड़, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, संभल और रामपुर आते हैं। इन जिलों में 71 विधानसभा सीटें और 14 लोकसभा सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने यहां पर 40 सीटें जीती थीं। सपा-रालोद गठबंधन 31 सीटों पर जीता था। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सात सीटें जीती थीं और सात सीटों पर विपक्ष जीता था।
पश्चिम क्षेत्र इसलिए महत्वपूर्ण
जिन जिलों में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक रखी गई है। उनमें मेरठ की सात विधानसभा सीटों में से तीन पर ही भाजपा जीत सकी थी। सहारनपुर की सात सीटों में से पांच पर भाजपा जीती थी और दो सपा ने सीटें जीती थीं। शामली जिले में भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकी थी और मुजफ्फरनगर में भी छह में से दो सीटें ही जीत पाई थीं। लोकसभा चुनाव में भी सहारनपुर सीट पर कांग्रेस, कैराना और मुजफ्फनगर सीट पर सपा जबकि मेरठ में भाजपा ने जीत हासिल की थी।