पिछले छह साल में सबसे कमजोर रहा इस बार का मानसून, सामान्य से 22% कम हुई बारिश

हरियाणा में सुबह-शाम गुलाबी ठंड की शुरुआत। मौसम विभाग के मुताबिक 25 सितंबर तक राज्य से पूरी तरह विदा हो जाएगा मानसून।

चंडीगढ़: हरियाणा में अब सुबह और शाम मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है. सुबह-शाम हल्की ठंडी हवाओं के साथ गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है. हालांकि, दिन में तापमान बढ़ने से गर्मी अभी बरकरार है.

दिन के तापमान में बढ़ोतरी: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है. रोहतक 36.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. गुरुग्राम में 36.4 और फरीदाबाद में 35.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.

रात का तापमान गिरा: वहीं, औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. करनाल के AWS में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री रहा. पंचकूला में 22.4, यमुनानगर में 22.5, जबकि अंबाला और रेवाड़ी में 22.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ.

एंटीसाइक्लोन से बदलेगी हवाओं की दिशा: मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसूनी हवाओं की वापसी की रेखा 19 सितंबर तक राजस्थान के रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला तक पहुंच गई थी. राजस्थान के ऊपर एंटीसाइक्लोन बनने से हवाओं की दिशा पुरवाई से पश्चिमी होने की संभावना है.

मानसूनी गतिविधियों में आएगी कमी: इसके साथ ही हवाओं की दिशा बदलने के साथ मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा दक्षिण की ओर मध्य भारत की तरफ खिसक सकती है. इससे हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां कमजोर होंगी और मानसून की विदाई की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है.

25 सितंबर तक पूरी तरह विदाई संभव: हरियाणा में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हिसार या सिरसा से मानसून विदाई की रेखा गुजर सकती है. 25 सितंबर तक पूरे हरियाणा से मानसून की विदाई होने की संभावना है.

छह साल में सबसे कमजोर मानसून: इस मानसून सीजन में हरियाणा में अब तक 317.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 409.7 मिलीमीटर से 22 प्रतिशत कम है. यह पिछले छह वर्षों में सबसे कम बारिश है. इससे पहले 2019 में 255 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.