पानीपत: कैंसर पीड़ित महिला से दुष्कर्म, फाइनेंसर पर लगा ब्लैकमेलिंग का आरोप
पानीपत में कैंसर पीड़ित महिला ने पड़ोसी फाइनेंसर पर होटल में दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने जहर निगला। पुलिस जांच जारी।
पानीपत : हरियाणा के पानीपत से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां एक कैंसर पीड़ित महिला ने पड़ोसी फाइनेंसर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह अपने पति से अलग तीन बच्चों के साथ रहती है। 1 जून को पड़ोसी फाइनेंसर ने बताया कि आज उसका जन्मदिन है। वह होटल में उसके साथ जन्मदिन का जश्न मनाना चाहता है। इसके बाद आरोपित ने एक होटल में ले जाकर उसके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद बदनामी का डर दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरु कर दिया।
आरोपी की हरकतों और प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। आसपास के लोगों ने उसे गंभीर हालत में देखकर सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। अस्पताल में ही पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।