हांसी: फास्ट फूड दुकान से अगवा हुआ 2 साल का बच्चा, राहगीरों ने पकड़ा आरोपी

हांसी के मोची मोहल्ला से 2 साल का मासूम हुआ अगवा। सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के बाद राहगीरों और पुलिस ने आरोपी को बस से दबोचा, बच्चा सकुशल।

हांसी : हांसी शहर के मोची मोहल्ला क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब फास्ट फूड की दुकान के बाहर खेल रहा दो वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। परिजनों ने तलाश की तो बच्चा कहीं नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक व्यक्ति मासूम का हाथ पकड़कर बस स्टैंड की ओर ले जाता दिखाई दिया। पुलिस ने तत्काल कई टीमें गठित कर पीछा शुरू किया और राहगीरों की सतर्कता के चलते कुछ ही देर में बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार हनुमान कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार मोची मोहल्ला में अपने परिवार के साथ फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं। गुरुवार को उनका करीब दो वर्षीय बेटा विशाल भी दुकान पर आया हुआ था। दोपहर करीब 12:15 बजे बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेलते-खेलते दुकान के बाहर निकल गया। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे तलाशा तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया। इससे परिवार के होश उड़ गए और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस और शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक व्यक्ति मासूम का हाथ पकड़कर बस स्टैंड की तरफ जाता दिखाई दिया। जांच में पता चला कि आरोपी बच्चे को लेकर रोहतक जाने वाली बस में सवार हो गया है।

इसके बाद पुलिस की कई टीमें बस का पीछा करने में जुट गईं। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गांव गढ़ी के मेंहदा मोड़ पर राहगीरों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बच्चे के साथ पकड़ रखा है। राहगीरों को व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो उन्होंने उसे रोककर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान गांव मेंहदा निवासी चिता के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में वह शराब के नशे में मिला। गांव से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी शराब पीने का आदी है और पिछले दो दिनों से लगातार नशे में था।

शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें बच्चे की तलाश में लगा दी गई थीं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी का पीछा किया गया। बस से उतरते ही उसे काबू कर लिया गया और बच्चे को सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

मासूम के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस तथा सतर्क राहगीरों का आभार जताया। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है, जिसमें आरोपी मासूम का हाथ पकड़कर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.