पानीपत: बिहार से आई नाबालिग निकली 3 माह की गर्भवती; पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप
पानीपत में 15 वर्षीय किशोरी की जांच में 3 माह की गर्भवती होने का खुलासा। बिहार के औरंगाबाद निवासी आरोपी रामू झा पर दुष्कर्म का आरोप। पुलिस ने दर्ज की जीरो FIR।
पानीपत: बिहार से अपनी मां के साथ पानीपत आई एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। पानीपत आने पर लड़की के पेट में दर्द हुआ तो उसे उसकी मां सिविल अस्पताल लेकर पहुंची और वहां पर डाक्टर ने जांच के बाद बताया कि किशोरी 3 माह की गर्भवती है।
जानकारी मिलने पर नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्य अस्पताल पहुंची और किशोरी की आपबीती सुनकर पुलिस की सूचना दी। किशोरी ने बताया कि पड़ोस के रहने वाले युवक रामू झा ने उसके साथ करीब 3 माह पहले कई बार दुष्कर्म किया था। थाना शहर पुलिस ने लड़की के बयानों के आधार पर आरोपी रामू झा के खिलाफ जीरो एफ. आई. आर. दर्ज कर उनको बिहार के औरंगाबाद जिला के संबंधित थाने में भेज दी है।
वहीं सविता आर्य ने बिहार के औरंगाबाद जिला के एस.पी. को भी आरोपी रामू झा की गिरफ्तारी के लिए पत्र लिखा है और पत्र के साथ में ही जीरो एफ.आई.आर. भी एस.पी. कार्यालय में मेल से भेजी गई है। सविता आर्य ने बताया कि उन्होंने एस.पी. औरंगाबाद से फोन पर बात करके जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।