पानीपत: बेटे के पहले जन्मदिन से पूर्व विवाहिता की खुदकुशी; BSF पति पर केस

समालखा की गांधी कॉलोनी में रीतू रानी ने की खुदकुशी। इकलौते बेटे के पहले जन्मदिन से एक दिन पहले उठाया कदम। बीएसएफ सब-इंस्पेक्टर पति और सास-ससुर पर दहेज का मामला दर्ज।

पानीपत: पानीपत जिले के समालखा की गांधी कॉलोनी में एक 25 वर्षीय विवाहिता रीतू रानी ने खुदकुशी कर ली. हैरत वाली बात यह है कि महिला ने जिस दिन खुदकुशी की, उसी के दूसरे दिन यानी कि आज उसके इकलौते बेटे का पहला जन्मदिन भी है. मृतका की पिता की शिकायत पर पुलिस ने बीएसएफ में सब-इंस्पेक्टर पद पर तैनात पति संजय कुमार, सास कृष्णा और ससुर देसराज के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

दो साल पहले हुई थी शादी: राजस्थान के तिजारा (अलवर) निवासी हवा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सबसे छोटी बेटी रीतू की शादी करीब दो वर्ष पहले समालखा निवासी संजय कुमार के साथ हुई थी. संजय वर्तमान में पश्चिम बंगाल में बीएसएफ में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है.

दहेज को लेकर देते थे ताने: शिकायत के अनुसार शादी के बाद से ही रीतू को पति, सास और ससुर द्वारा दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि उसे यह कहकर ताने दिए जाते थे कि उसकी शादी एक अधिकारी से हुई है, लेकिन वह उस हैसियत के हिसाब से दहेज नहीं लाई. परिजनों का आरोप है कि इसी बात को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था.

पति के प्रेम प्रसंग का भी आरोप: इसके अलावा मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि संजय का किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी कारण वह रीतू को अपने साथ पश्चिम बंगाल नहीं ले जाता था. रीतू ने पति के मोबाइल में कथित तौर पर दूसरी महिला के साथ व्हाट्सएप चैट और तस्वीरें देख ली थीं. जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई. रीतू ने कई बार फोन कर मायके वालों को अपनी परेशानी बताई थी. परिवार ने कई बार समझौते और समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ.

फोन पर विवाद के बाद उठाया कदम: शिकायत के अनुसार 30 मई की सुबह रीतू और उसके पति संजय के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी. आरोप है कि लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर रीतू ने खुदकुशी कर ली. घटना के समय उसकी सास और ननद पास में आयोजित धार्मिक सत्संग में गई हुई थीं. दोपहर करीब एक बजे जब वे घर लौटीं तो 11 महीने का बच्चा घर में अकेला रोता मिला. जब वे कमरे में पहुंचीं तो रीतू का शव देखा.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका: मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही दहेज की मांग शुरू कर दी गई थी. उनका कहना है कि रीतू को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. कुछ परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका भी जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है. मृतका के परिजन नीरज ने कहा कि, “रीतू कई बार अपने पिता को फोन कर पति के कथित प्रेम प्रसंग और प्रताड़ना की जानकारी दे चुकी थी.” वहीं, परिजन मुकेश ने कहा कि, “परिवार चाहता है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सख्त सजा मिले.”

पुलिस ने दर्ज किया मामला: मामले की जांच कर रहे एएसआई सेठनपाल ने बताया कि, “गांधी कॉलोनी में एक विवाहिता की खुदकुशी की सूचना मिली.सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के पिता की शिकायत पर पति संजय कुमार तथा सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.