पानीपत में बीजेपी पार्षद के ससुर के घर पर हमला, फायरिंग और तोड़फोड़ से दहशत
पानीपत में बीजेपी पार्षद कोमल पांचाल के घर पर दर्जनों हथियारबंद हमलावरों ने बोला धावा। फायरिंग और तोड़फोड़।
पानीपत : पानीपत के तहसील कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मोती राम कॉलोनी नूरवाला में नगर निगम वार्ड नंबर 6 की BJP की पार्षद कोमल पांचाल के ससुर ईशम सिंह पांचाल के घर पर दर्जनों हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने फायरिंग की, घर के बाहर मौजूद ईशम सिंह के साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाईं और वाहनों में तोड़फोड़ की।
पुलिस ने पीड़ित के बेटे लखन पांचाल की शिकायत पर 15 से अधिक नामजद और करीब 30 अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
रास्ता रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
लखन पांचाल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 2 सितंबर की शाम करीब 9:30 बजे मैं अपने चाचा जोनी के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से हरिसिंह चौक गया था। जब हम वापस लौट रहे थे, तो रास्ते में लव पंडित, उसका भाई चिनू पंडित, उनका दोस्त अमन पंडित और 4-5 अन्य लड़के हरिसिंह चौक के पास गली में बाइक लगाकर रास्ता रोककर खड़े थे।
जब मैंने उनसे रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो लव पंडित और उसके साथियों ने मेरे साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर हमें छुड़ाया। जाते-जाते लव पंडित ने मुझे देख लेने की धमकी दी और हम घर आ गए।
30-40 हमलावरों ने बोला धावा
थोड़ी देर बाद जब मैं अपने घर के पास चौक में खड़ा था, तो लव पंडित अपने साथियों चिराग उर्फ चिनू, अमन पंडित, अमन (सुल्तान का भतीजा), अमन जोगी उर्फ डागी, पाले जोगी का पोता, निशु जोगी, पंकज जोगी, लवली जोगी, अंशु राजपूत, विजय जोगी, राहुल बाबा (वार्ड नंबर 11), दीपक बादशाह (कुटानी रोड), कादिर राणा व उसका भाई, सौरभ उर्फ सिंगा व करीब 30 अन्य हमलावरों के साथ हमारे घर के पास आ पहुंचा।
अंधाधुंध फायरिंग और घर पर हमला
हमलावरों में से चीनू पंडित, पाला जोगी का पोता, कादिर राणा और सौरभ के हाथों में अवैध हथियार थे, जबकि बाकी लोग लाठी-डंडे और घड़ासी लिए हुए थे। चिनू पंडित, पाला जोगी के पोते, कादिर राणा और सौरभ ने मुझे जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। गोली चलते ही मैं अपनी जान बचाने के लिए घर की तरफ भागा। हमलावर लाठी-डंडे लेकर मेरे पीछे दौड़े।
ससुर पर हमला और गाड़ियों में तोड़फोड़
लखन ने बताया कि भागकर घर के अंदर घुस गया, लेकिन सभी हमलावरों ने मिलकर घर के बाहर बैठे मेरे पिता ईशम सिंह पांचाल पर हमला कर दिया और उनके साथ मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी हमारी स्विफ्ट कार, भाई की वेन्यू कार और परिवार के सदस्यों की बाइकों में जमकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देते हुए हथियारों सहित मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच और मौके से मिले सबूत
तहसील कैंप थाना पुलिस को वारदात की सूचना रात में ही मिल गई थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो घायल ईशम सिंह और उनके परिजन अस्पताल जा चुके थे। घटना स्थल की जांच के दौरान पास के एक युवक (प्रिंस) को भी गोली लगने और अस्पताल पहुंचाए जाने की जानकारी मिली।पुलिस की फॉरेंसिक और जांच टीम को मौके से 2 जिंदा कारतूस, 1 खाली खोल,1 छर्रा बरामद हुआ, जिसे कब्जे में लेकर सील कर दिया गया।