पिछले 27 दिनों से चल रही हड़ताल, पूर्व डिप्टी सीएम की कोठी के पास पुलिस से भिड़े कर्मचारी
हिसार में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प। 100 से अधिक कर्मचारी डिटेन।
हिसार : हिसार में सफाई कर्मचारियों और प्रशासन के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को कचरा उठान को लेकर हुए टकराव के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक सफाई कर्मचारियों को डिटेन कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मचारियों को तीन बसों में भरकर सिविल लाइन थाना परिसर से अन्य स्थान पर लेकर गई।
हिसार में पिछले 27 दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार सुबह नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों को पुलिस एस्कॉर्ट करके शहर में लेकर पहुंची थी। इसी दौरान प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों ने गाड़ियों का विरोध किया और उन्हें रोकने की कोशिश की।
इसी दौरान एक महिला को पुलिसकर्मी लात मार दिखा। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें लात लगते ही महिला सफाईकर्मी गिरते-गिरते बची। उसने दोबारा उठकर विरोध जताया तो दोबारा थक्का दिया गया। उधर इस टकराव में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनको मामूली चोट भी आई है। वही पूर्व डिप्टी सीएम की कोठी के सामने पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने कई कर्मचारियों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा दिया।
वही अपने साथियों को छुड़ाने के लिए बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी सिविल लाइन थाना पहुंच गए। यहां कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एक बार फिर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में कर्मचारियों को डिटेन कर लिया।
कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि पुलिस ने महिला कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की और बल प्रयोग किया। वहीं पुलिस और प्रशासन का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था बाधित नहीं होने दी जाएगी और कचरा उठान के काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में फायर कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान राजेश मेहला ने आरोप लगाया कि उनके 100 से अधिक साथियों को तीन बसों में भरकर हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मुख्य मांग 13 मई को हुए समझौते से संबंधित लेटर जारी करने की है और सरकार को कर्मचारियों की मांगों का समाधान करना चाहिए।
वहीं सर्व कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और नगर पालिका कर्मचारी संघ के सीसी मेंबर बिशन सिंह ने पुलिस पर कर्मचारियों, खासकर महिला कर्मचारियों के साथ ज्यादती करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए।
फिलहाल हिसार में सफाई कर्मचारियों और प्रशासन के बीच तनाव बना हुआ है। लगातार बढ़ते विवाद के बीच अब सभी की नजर सरकार और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।