फरीदाबाद: घर का जर्जर छज्जा गिरने से महिला की मौत, मचा कोहराम

फरीदाबाद के आदर्श नगर में मकान का जर्जर छज्जा गिरने से 53 वर्षीय महिला की मलबे में दबकर मौत। सुबह टॉयलेट जाते समय हुआ हादसा। पुलिस जांच में जुटी।

फरीदाबाद: फरीदाबाद के आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित सुभाष कॉलोनी के हरी विहार में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 53 वर्षीय महिला की मौत हो गई. घर का जर्जर छज्जा अचानक गिरने से महिला मलबे में दब गईं और उनकी मौके पर ही जान चली गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

सुबह टॉयलेट जाते समय हुआ हादसा: पुलिस की मानें तो हरी विहार निवासी 53 वर्षीय जयवती रोज की तरह सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर की छत पर बने टॉयलेट में गई थीं. इसी दौरान मकान का कमजोर और काफी पुराना छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा. छज्जे के साथ भारी मात्रा में मलबा भी उनके ऊपर आ गिरा, जिससे वह उसके नीचे दब गईं.

धमाके की आवाज सुनकर दौड़े पड़ोसी: हादसे के समय तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाने का प्रयास किया और महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. गंभीर चोटों के कारण जयवती की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने शुरू की जांच: घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल भेज दिया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना था और उसका छज्जा लंबे समय से जर्जर हालत में था. मामले में आदर्श नगर थाना के एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि, “हमें सुबह सूचना मिली थी कि एक महिला की मौत हो गई है और उसके ऊपर घर का छज्जा गिर गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा जा रहा है. मामले की जांच की जा रही है.”

बेटे ने बताई हादसे की पूरी कहानी: मृतका के बेटे हरेंद्र ने बताया कि, “मेरी मां रोज की तरह सुबह उठी थीं. करीब साढ़े पांच बजे वह छत पर बने टॉयलेट की तरफ गई थीं. उसी दौरान अचानक छज्जा टूटकर उनके ऊपर गिर गया. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.