फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, बारादरी पुलिस ने 21 मार्कशीट और 11 मोहरों के साथ आरोपी दबोचा
उत्तर प्रदेश के बरेली में बारादरी थाना पुलिस ने फर्जी डिग्री और मार्कशीट तैयार करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार गंगवार को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की बारादरी थाना पुलिस ने फर्जी डिग्री और मार्कशीट तैयार कर लोगों को चूना लगाने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप कुमार गंगवार को गिरफ्तार किया है, जो आनंद विहार, आशापुरम का रहने वाला है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से विभिन्न विश्वविद्यालयों की 21 फर्जी मार्कशीट, 6 प्रमाणपत्र, 11 मोहरें, दो मोबाइल फोन, 8,970 रुपये नकद और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी 50 हजार रुपये लेकर बीए और अन्य कक्षाओं की फर्जी मार्कशीट तैयार करवाता था।
🔍 पंजाब के छात्र की शिकायत पर खुला राज: गढ़वाल से लेकर नगालैंड तक जुड़े हैं नेटवर्क के तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पंजाब के संगरूर निवासी राहुल सिंह ने 21 अक्टूबर को ई-मेल के जरिए बारादरी पुलिस से शिकायत की। राहुल ने बताया कि आरोपी ने बीए में प्रवेश दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये लिए थे और बाद में उसे फर्जी मार्कशीट थमा दी। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि आरोपी ‘डेस्टिनी’ नाम से एजुकेशन सेंटर चलाता था और नोएडा निवासी रामचरण के साथ मिलकर इस धंध को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है और बरामद दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है।