बंगाल में शाह का ‘मिशन 2026’ सफल; जानें अमित शाह की टीम की जीत के 5 बड़े मंत्र

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के पीछे अमित शाह का सटीक माइक्रो-मैनेजमेंट और उनकी कोर टीम की मेहनत रही। जानें कैसे पन्ना प्रमुख मॉडल और चुनावी रणनीति ने पलटा खेल।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बदलाव की इस कहानी के केंद्र में गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति, संगठन क्षमता और जमीनी पकड़ को निर्णायक कारक माना जा रहा है. करीब पंद्रह दिनों तक लगातार बंगाल में डेरा डालकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने न सिर्फ आक्रामक चुनावी अभियान चलाया, बल्कि एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में पूरे मिशन को अंतिम चरण तक सटीक तरीके से संचालित किया. दिन में रैलियों और रोड शो के जरिए उन्होंने माहौल तैयार किया, तो रात में संगठन को धार देने का काम किया.

देर रात तक चलने वाली बैठकों में अमित शाह लगातार जमीनी फीडबैक लेते, स्थानीय नेताओं को दिशा देते, रणनीति तय करते और अगले ही दिन उसे जमीन पर लागू कराते. पचास से अधिक रैलियों और रोड शो के माध्यम से उन्होंने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया और मतदाताओं तक सीधे संवाद स्थापित किया.

चुनाव के दौरान की गई उनकी प्रमुख घोषणाएं—जैसे सरकारी कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग लागू करने का वादा और कानून-व्यवस्था पर सख्ती ने मतदाताओं के बीच स्पष्ट और ठोस राजनीतिक संदेश दिया.

शाह की टीम ने बंगाल में किया कमाल

पहले चरण के मतदान के बाद उनका यह दावा कि बीजेपी 110 से अधिक सीटें जीत रही है, मनोवैज्ञानिक बढ़त साबित हुआ. इससे दूसरे चरण में मतदाताओं के बीच सत्ता परिवर्तन की संभावना की धारणा बनी, जिसने चुनावी रुझान को प्रभावित किया.

हालांकि, यह सफलता सिर्फ एक व्यक्ति की रणनीति का परिणाम नहीं थी. अमित शाह के साथ पांच प्रमुख नेताओं की टीम ने संगठित और समन्वित तरीके से हर मोर्चे पर काम किया.

भूपेंद्र यादव ने संगठन के माइक्रो-मैनेजमेंट पर ध्यान केंद्रित किया. बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी कानूनी चुनौतियों को संभालना उनकी विशेषता रही, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत हुई.

माइक्रो-मैनेजमेंट से पलटा खेल

सुनील बंसल ने संगठन को नई धार दी. पन्ना प्रमुख मॉडल के जरिए उन्होंने ऐसा मजबूत नेटवर्क खड़ा किया, जिसने टीएमसी के कैडर-आधारित ढांचे को सीधी चुनौती दी. उन्होंने नेताओं के बीच तालमेल बैठाने के साथ-साथ पिछले चार वर्षों के फीडबैक के आधार पर कमियों को दूर किया और ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ मुद्दों को सड़कों तक पहुंचाया.

धर्मेंद्र प्रधान ने पूरे अभियान के मुख्य रणनीतिकार के रूप में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने विभिन्न सामाजिक और जातीय समूहों के बीच संतुलन बनाते हुए केंद्र और राज्य इकाई के बीच मजबूत तालमेल स्थापित किया. खड़गपुर को अपना आधार बनाकर उन्होंने व्यापक स्तर पर संगठनात्मक व्यूह रचना तैयार की.

बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत

बिप्लब देब ने अपने अनुभव का उपयोग उन क्षेत्रों में किया, जहां सामाजिक-सांस्कृतिक समानताएं त्रिपुरा से मिलती हैं. उनकी आक्रामक प्रचार शैली ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा.

अमित मालवीय ने डिजिटल मोर्चे पर नैरेटिव की लड़ाई संभाली. सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने विभिन्न मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया और विपक्ष के प्रचार का प्रभावी जवाब दिया, जिससे जनमत को प्रभावित करने में मदद मिली.

इन सभी नेताओं के सामूहिक प्रयासों ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले. यह जीत केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि सुनियोजित रणनीति, मजबूत संगठन और निरंतर प्रयास का परिणाम है, जिसने बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत की है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.