बजट होने के बावजूद सैलरी न मिलने से परेशान कर्मचारी, दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण गुड़गांव में नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर दी हैं। सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव।
गुड़गांव : तीन महीने से वेतन न मिलने से खफा नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के कर्मचारियों ने आज स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर दी। कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव कर दिया और यहां जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि सिविल सर्जन ने उन्हें अपने पद का रौब दिखाया और धरना प्रदर्शन करने की सलाह दे दी। इसके बाद कर्मचारी सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर ही धरना देने बैठ गए। कर्मचारियों का कहना है कि सिविल सर्जन और अकाउंट विभाग के बीच चले आ रहे खींचतान के कारण नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों को परेशान होना पड़ रहा है।
NHM कर्मचारी हरीराज, नीलम, मीनाक्षी सहित अन्य ने बताया कि उन्हें तीन महीने में धरना प्रदर्शन करने के बाद कभी एक महीने का तो कभी दो महीने का वेतन दिया जाता है। ऐसा नहीं है कि विभाग के पास बजट न हो बल्कि बजट होने के बाद भी उनका वेतन रिलीज नहीं किया जाता। हर बार उन्हें इस समस्या के समाधान का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन समाधान कुछ नहीं किया जाता। सिविल सर्जन अकाउंट विभाग पर अपना पल्ला झाड़ देते हैं तो अकाउंट विभाग वाले आला अधिकारियों अथवा अन्य कर्मचारियों पर अपना पल्ला झाड़ देते हैं। ऐसे में उन्हें परेशान हाेना पड़ रहा है। जब भी वह धरना प्रदर्शन करते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को ठप करते हैं तो उन्हें एक सप्ताह तक का समय दे दिया जाता है, लेकिन हालात हर बार जस के तस बने रहते हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि वेतन न मिलने के कारण उनके सभी त्यौहार फीके हो रहे हैं। हाल ही में रक्षाबंधन का त्यौहार भी उनका फीका रहा। उन्होंने कहा कि आला अधिकारी तो एसी कमरे में बैठकर समय पर लाखों रुपए वेतन ले रहे हैं, लेकिन एनएचएम कर्मचारियों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा। ज्यादातर कर्मचारी दूसरे जिलों से आकर गुड़गांव में रह रहे हैं। ऐसे में उनके लिए मकान का किराया देना व राशन खरीदना तक भारी हो गया है। ऐसे में आज जब वह सिविल सर्जन कार्यालय में अपनी समस्या लेकर पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि सिविल सर्जन डॉ लोकवीर ने उन्हें धरना प्रदर्शन करने की सलाह दे दी। कर्मचारियों ने सिविल सर्जन के इस रवैये से नाराज होकर सीएमओ कार्यालय के बाहर बवाल करते हुए सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग व अकाउंट्स विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने बताया कि गुड़गांव में करीब 850 एनएचएम कर्मचारी हैं जिन्हें परेशान होना पड़ रहा है। आज इन सभी कर्मचारियों ने इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी सेवाओं को ठप कर दिया। प्राइमरी हेल्थ सेंटर में भी एनएचएम कर्मचारी हड़ताल पर रहे। उन्होंने साफ कर दिया कि अगर उनकी समस्या का समाधान न किया गया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।