बदायूं: पूर्व सपा विधायक हाजी मुसर्रत अली की बढ़ी मुश्किलें, बंदर की मौत मामले में पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट

बदायूं के सहसवान में बंदर की मौत मामले में पूर्व सपा विधायक हाजी मुसर्रत अली बिट्टन पर चार्जशीट दाखिल। प्रतिबंधित बिजली के तारों की चपेट में आने से हुई थी मौत।

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान क्षेत्र में बंदर की मौत के मामले में पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी (सपा) नेता हाजी मुसर्रत अली बिट्टन की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के बाद उनके खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया है.

यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था. पुलिस जांच में पाया गया कि पूर्व विधायक के कार्यालय परिसर की बाउंड्री पर लगाए गए करंटयुक्त प्रतिबंधित तार की चपेट में आने से बंदर की मौत हुई थी.

फरवरी में मिला था बंदर का शव

घटना इसी साल बीते फरवरी महीने की है. सहसवान स्थित हाजी मुसर्रत अली बिट्टन के ऑफिस परिसर की बाउंड्री के पास एक बंदर मृत अवस्था में मिला था. इस मामले में पशु प्रेमी विक्रेंद्र शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि परिसर की सुरक्षा के लिए लगाए गए प्रतिबंधित तार में बिजली प्रवाहित की जा रही थी, जिससे बंदर की मौत हो गई.

जांच में आरोपों की पुष्टि

पुलिस ने विवेचना के दौरान घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और तकनीकी परीक्षण कराया. जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी. सहसवान के प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर आरोप पत्र कोर्ट में प्रस्तुत किया गया है.

पूर्व विधायक ने क्या कहा?

हाजी मुसर्रत अली बिट्टन ने कहा कि वह फिलहाल बाहर हैं और उन्हें मीडिया के माध्यम से चार्जशीट दाखिल होने की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि दस्तावेज देखने के बाद ही वह इस मामले पर विस्तृत प्रतिक्रिया देंगे. पुलिस के अनुसार, अब इस मामले में आगे की कार्रवाई और सुनवाई न्यायालय में की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.