बराड़ा एनकाउंटर: बुजुर्ग महिला से लूट करने वाले बदमाशों को 3 दिन का पुलिस रिमांड

बराड़ा फ्लाईओवर एनकाउंटर में घायल यूपी के बदमाशों उधम और ऋतिक को कोर्ट ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा। मास्टरमाइंड दलीप उर्फ विक्की की तलाश तेज।

बराड़ा : बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता तथा मामले के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पूछताछ करेगी।

दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से तीन युवकों ने लूटे थे सोने के जेवर

गौरतलब है कि 26 मई को बराड़ा की करनाल कॉलोनी में दिनदहाड़े घर में बैठी बुजुर्ग महिला विद्या देवी से तीन युवकों ने सोने के जेवर लूट लिए थे। विरोध करने पर आरोपियों ने पिस्तौल की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था और पुलिस के सामने मामले का खुलासा करना बड़ी चुनौती बन गया था।

दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली

मामले की जांच कर रही सीआईए नारायणगढ़ टीम ने बराड़ा फ्लाईओवर के नीचे हुई मुठभेड़ के बाद वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उधम पुत्र सुरेश कुमार निवासी सिरसा ठाठ, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) तथा ऋतिक पुत्र राजेश कुमार निवासी डगसौली, नागल, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि इस वारदात का मास्टरमाइंड दलीप उर्फ विक्की है। बराड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से और भी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल किए जाने की संभावना है।

वहीं थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। ऋतिक के खिलाफ उत्तर प्रदेश में मारपीट सहित तीन मामले दर्ज हैं, जबकि उधम के खिलाफ भी एक मामला दर्ज है। वहीं मुख्य आरोपी दलीप उर्फ विक्की के खिलाफ बराड़ा में रंगदारी मांगने तथा पुलिस से मारपीट करने के मामले दर्ज हैं। पुलिस तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और मुख्य आरोपी दलीप उर्फ विक्की की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आया है कि दलीप और ऋतिक किसी मामले में सहारनपुर जेल में बंद थे, जहां दोनों की मुलाकात हुई थी। उन्होंने बराड़ा में लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार वारदात से पहले आरोपी काफी देर तक कॉलोनी की गली में घूमते रहे। घर के बाहर विद्या देवी के बेटे की कार खड़ी होने के कारण वे अंदर नहीं गए। जैसे ही कार वहां से चली गई, आरोपियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस का कहना है कि दलीप काफी समय तक बराड़ा क्षेत्र में रह चुका है और इलाके की पूरी जानकारी रखता था। जिस घर को निशाना बनाया गया, उसके बारे में भी उसे पहले से जानकारी थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.