बहादुरगढ़ में पुलिस और हड़ताली कर्मचारियों में झड़प, डंपिंग प्वाइंट से कचरा उठाने पर बढ़ा तनाव
बहादुरगढ़ में कूड़ा उठाने को लेकर पुलिस और हड़ताली सफाई कर्मचारियों के बीच झड़प। पुलिस कार्रवाई के खिलाफ भारी हंगामा।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ शहर में कूड़ा उठाने को लेकर देर रात सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के विरोध के बावजूद प्रशासन ने रात के समय शहर के कई डंपिंग प्वाइंटों से कूड़ा उठाने के लिए सफाई अभियान चलाया। इसी दौरान मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कूड़ा उठाने का विरोध कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठियां भांजी। इस दौरान कई कर्मचारियों को हल्की चोटें आने की बात सामने आई है। वहीं, विरोध कर रहे कर्मचारियों ने भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ कूड़ा-कचरा फेंका।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कई सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें घसीटकर रोडवेज की बसों में भरा और थाने ले गई। पुलिस कार्रवाई से नाराज सफाई कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेशभर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बहादुरगढ़ शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। पिछले महीने की 6 तारीख से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों की मांग है कि उनकी मांगों का समाधान किया जाए और मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया गया है।
सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण शहर के आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात प्रशासन द्वारा कई डंपिंग प्वाइंटों से कूड़ा उठाया गया, जिसके दौरान हुए टकराव ने स्थिति को तनावपूर्ण बना दिया।