बागपत: पंचायत बैठक में जमकर चले लात-घूंसे, कुर्सियां फेंकने का वीडियो वायरल

बागपत के छपरौली ब्लॉक में विकास कार्यों की जांच के दौरान पंचायत में बवाल। प्रधान और विपक्षी समर्थक आपस में भिड़े, कुर्सियां फेंकीं। वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में विकास कार्यों की जांच को लेकर बुलाई गई पंचायत बैठक हंगामे में बदल गई. छपरौली ब्लॉक के बोहढ़ा गांव की ग्राम पंचायत में आयोजित बैठक के दौरान ग्राम प्रधान पक्ष और विपक्षी समर्थक आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते पंचायत परिसर में जमकर बवाल शुरू हो गया और दोनों पक्षों के बीच कुर्सियां फेंकी गईं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जांच के लिए अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में बैठक बुलाई गई थी. बैठक के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने पंचायत भवन में वाटर कूलर समेत अन्य विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए. उनका आरोप था कि जिन कामों का रिकॉर्ड दिया गया है, उनकी वास्तविक स्थिति की जांच होनी चाहिए.

देखते ही देखते भिड़ गए

इसी दौरान कुछ लोग पंचायत भवन और वहां की व्यवस्थाओं की तस्वीरें लेने लगे, ताकि उन्हें साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके. फोटो खींचने को लेकर ग्राम प्रधान समर्थकों ने आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए. पंचायत परिसर में जमकर धक्का-मुक्की हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई. वायरल वीडियो में लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते और लात-घूंसों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं.

हंगामे के कारण बैठक पूरी तरह बाधित हो गई. कुछ समय के लिए पंचायत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक विवाद चलता रहा.

घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों की जांच जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर बुलाई गई बैठक में इस तरह का विवाद होना दुर्भाग्यपूर्ण है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.