बिजनौर: डिलीवरी बॉय के PAN कार्ड पर ₹9.5 करोड़ का फर्जी कारोबार, IT नोटिस से मचा हड़कंप
बिजनौर के धामपुर में डिलीवरी बॉय फिरोज अहमद के पैन कार्ड पर फर्जी फर्म बनाकर ₹9.49 करोड़ का ट्रांजैक्शन। आयकर विभाग के नोटिस से पीड़ित परेशान, पुलिस से मदद की गुहार।
बिजनौर के धामपुर तहसील क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गरीब डिलीवरी बॉय के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उसके नाम पर करोड़ों रुपये का फर्जी कारोबार खड़ा कर दिया गया. पीड़ित अब आयकर विभाग के नोटिसों और कानूनी परेशानियों से जूझ रहा है. उसने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है. वह करीब साल भर से आयकर विभाग का चक्कर लगा रहा है.
धामपुर के गांव पृथ्वीपुर बनवारी निवासी फिरोज अहमद डिलीवरी बॉय का काम कर परिवार का गुजारा करता है. उसकी जिंदगी उस वक्त बदल गई जब अगस्त 2025 में उसे आयकर विभाग का नोटिस मिला. नोटिस में बताया गया कि उनके पैन कार्ड पर WYN IMPEX नाम की एक फर्म रजिस्टर्ड है, जिसने अगस्त 2020 में ही करीब 9.49 करोड़ रुपये का कारोबार दिखाया है.
पैरों तले खिसक गई जमीन
यह जानकारी सुनकर फिरोज के पैरों तले जमीन खिसक गई. उसका कहना है कि उसने कभी कोई व्यापार नहीं किया और न ही इतनी बड़ी रकम की कल्पना की. जांच में सामने आया कि 14 जुलाई 2020 को उनके पैन कार्ड का इस्तेमाल कर फर्म का रजिस्ट्रेशन किया गया था, लेकिन उसमें इस्तेमाल मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, दस्तावेज और हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी थे.
पीड़ित ने इस मामले की शिकायतस्थानीय पुलिस और जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है. दूसरी ओर, आयकर विभाग की ओर से लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे फिरोज मानसिक दबाव में है. वह आर्थिक रूप से टूट चुका है.
प्रशासन से मदद की गुहार
फिरोज का कहना है कि उसके पास न तो इतने पैसे हैं और न ही कानूनी लड़ाई लड़ने की क्षमता है. उसने प्रशासन से जल्द मदद की गुहार लगाई है. बिजनौर जैसे जिलों में फर्जी फर्मों के ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां निर्दोष किसान, मजदूर या छोटे लोग फंसाए जा रहे हैं. प्रशासन जांच कराने की बात कह कर अपना पल्ला झाड रहा है.