बेंगलुरु: सिर्फ 3 मिनट के लिए दुकान छोड़ना पड़ा भारी, 18 लाख की ज्वेलरी लूट फरार हुए बदमाश
बेंगलुरु के बानाशंकरी में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में 18 लाख की लूट। मालिक के 3 मिनट बाहर जाते ही बदमाशों ने की वारदात। CCTV में कैद हुए आरोपी, पुलिस तलाश में जुटी।
बेंगलुरु के बानाशंकरी इलाके में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. दुकान मालिक के महज तीन मिनट के लिए बाहर जाते ही बदमाशों ने दुकान में घुसकर 18 लाख रुपए की लूट की और फरार हो गए. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, मूकम्बिका नगर निवासी 52 वर्षीय एन. मंजुनाथ बानाशंकरी में ज्वेलरी शॉप चलाते हैं. 13 अप्रैल की दोपहर करीब 3:22 बजे वह पास के आंगनवाड़ी के शौचालय गए थे. वह करीब तीन मिनट बाद 3:25 बजे लौटे और देखा की बदमाश दुकान में घुसकर ज्वेलरी की चोरी कर रहे हैं. उन्होंने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक से फरार हो गए. मंजुनाथ के अनुसार कुल तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया. एक दुकान के अंदर चोरी कर रहा था और उसके दो साथ बाहर बाइक पर खड़े थे.
ज्वेलरी और नकदी की लूट
चोरी की गई वस्तुओं में करीब 50 ग्राम वजन की दो चांदी की चेन, 10 ग्राम की तीन सोने की बालियां और लगभग 3,000 रुपये नकद शामिल हैं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय दुकानदार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है. फुटेज से आरोपियों के हुलिए और लूट में इस्तेमाल किए गए स्कूटर का नंबर भी सामने आया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.
स्थानीय दुकानदारों में दहशत
इस घटना के बाद इलाके के स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है. दुकान संचालक चोरी की इस घटना से डरे हुए हैं और इलाके में पुलिस सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.