बेलनगंज बाजार में ताश के पत्तों की तरह गिरी जर्जर इमारत, टला बड़ा हादसा

ताजनगरी आगरा के बेलनगंज में झमाझम बारिश के कारण 120 साल पुरानी दो मंजिला इमारत ढह गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मलबे में स्कूटी क्षतिग्रस्त।

ताजनगरी आगरा में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार झमाझम बारिश अब पुराने और जर्जर भवनों पर भारी पड़ने लगी है. शुक्रवार को थाना छत्ता क्षेत्र के व्यस्त बेलनगंज बाजार इलाके में करीब 120 साल पुरानी एक दो मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गई. इमारत ढहने से क्षेत्र में दहशत फैल गई, लेकिन गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया.

स्थानीय निवासियों के अनुसार, बेलनगंज स्थित यह जर्जर मकान संदीप जैन का है, जो लंबे समय से पूरी तरह खाली पड़ा हुआ था. लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें और नींव कमजोर हो चुकी थीं. अचानक मकान का अगला हिस्सा सड़क की तरफ गिर पड़ा.

घटना के वक्त वहां से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया. हालांकि, मकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी मलबे के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इमारत गिरने का खौफनाक दृश्य पास में लगे कैमरे और लोगों के मोबाइल में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

प्रशासन मौके पर, ट्रैफिक किया गया डायवर्ट

इमारत गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने व्यस्त बेलनगंज बाजार वाले रास्ते पर यातायात (ट्रैफिक) को डायवर्ट कर दिया है.

नगर निगम की टीम जेसीबी की मदद से सड़क पर फैले मलबे को हटाने के काम में जुटी हुई है ताकि आवागमन दोबारा सामान्य हो सके. प्रशासन ने आसपास के अन्य जर्जर मकानों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.