ब्याज के पैसों के विवाद में फाइनेंसर ने घर में घुसकर पीटा, महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा
पानीपत के जगदीश नगर में 2 लाख के लेनदेन को लेकर परिवार के साथ मारपीट और घर पर कब्जे का प्रयास। सीसीटीवी फुटेज आया सामने।
पानीपत : पानीपत के जगदीश नगर में 2 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर एक परिवार के साथ मारपीट और घर पर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने हमलावरों से करीब 2 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे, लेकिन इसके बाद पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया।
पीड़ितों का आरोप है कि फाइनेंसर ओर उसके आदमियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार के साथ मारपीट कर तोड़ फोड़ की और घर का सामान बाहर फेंक दिया। परिवार का यह भी आरोप है कि घर पर कब्जा करने की कोशिश की गई।
मारपीट की पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद बताई जा रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा।
मारपीट में परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरा परिवार डर के साए में जीने को मजबूर है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। अब CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर पुलिस की कार्रवाई पर नजर है।