भिवानी: अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, पीएनडीटी नियमों की जांच

भिवानी में लिंगानुपात सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग का सख्त एक्शन। शहर के प्रमुख अस्पतालों में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत अचानक छापेमारी, रिकॉर्ड की हुई जांच।

भिवानी। जिले में लिंगानुपात में सुधार के लिए पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी ने बुधवार को शहर के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों पर छापा मारा। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत अल्ट्रासाउंड और उससे संबंधित सभी रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।

उल्लेखनीय है कि डीसी साहिल गुप्ता द्वारा जिले में लिंगानुपात सुधार को लेकर चिकित्सा विभाग को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत चिकित्सा विभाग द्वारा शहर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के पंवार अस्पताल, गुलिया अस्पताल, पूनिया मैटरनिटी एंड नर्सिंग होम, गोयल नर्सिंग होम, इंद्रजीत अस्पताल, भिवानी हार्ट अस्पताल और भीष्म अस्पताल में निरीक्षण किया।

डॉ. अन्नू चौधरी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सा संस्थानों में अल्ट्रासाउंड से संबंधित रिकॉर्ड की गहन जांच की गई जो फिलहाल सही पाए गए। इसके साथ ही सभी संस्थानों के संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि यदि किसी भी स्तर पर लिंग जांच से संबंधित कोई गैरकानूनी कार्य किया जाता है तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सा विभाग की टीम की सभी निजी और सरकारी चिकित्सा संस्थानों पर पैनी नजर है। जिले में कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा को रोकने और लिंगानुपात में सुधार के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.