बहल में आंधी-तूफान का कहर: पेड़-खंभे गिरे, किसानों की फसलें बर्बाद
बहल में तेज आंधी और बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त। बिजली खंभे और पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित। वहीं, ढिगावा में बारिश से गर्मी से राहत, किसानों के लिए मिश्रित खबर।
बहल। क्षेत्र में बुधवार को आई तेज आंधी से पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति तथा यातायात व्यवस्था दोनों प्रभावित हो गए। सड़क किनारे खड़े पेड़ गिरने से बहल से निकलने वाले लोहारू और भिवानी सड़क मार्ग काफी देर तक प्रभावित रहा तो वहीं बिजली के खंभे गिरने से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। आंधी और तेज बारिश से जिन खेतों में बिजाई हो चुकी थी उनमें भी नुकसान हुआ है।
बुधवार की बारिश के बाद अब किसानों को कपास, ग्वार, बाजरा, मूंग सहित अन्य फसलों की बिजाई फिर से करनी पड़ेगी। पिछली बारिश के बाद अधिकतर किसानों ने फसलों की बुवाई कर दी थी। किसान महेंद्र, सुरेश, पवन सहित अन्य किसानों ने बताया कि फसल बोने के साथ ही उन पर यह आपदा आ गई है। दस दिन के अंदर जिन फसलों की बुवाई हुई है वहां बारिश के बाद जमीन कठोर होने से दाने के अंकुरित होने की कोई उम्मीद नहीं है।
तेज बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत
ढिगावा मंडी। ढिगावा कस्बे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शाम करीब 4:15 बजे तेज हवा के साथ शुरू हुई तेज बारिश ने बड़ी राहत दी।