विधानसभा डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी का प्रयास, मामला दर्ज

जींद में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा की फर्जी आईडी बनाकर ठगी की कोशिश। पुलिस जांच जारी।

जींद : हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने डिप्टी स्पीकर के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग करते हुए आम जनता से ऑनलाइन पैसे ऐंठने की कोशिश की। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में डिप्टी स्पीकर के मीडिया समन्वयक सन्नी मग्गू ने बताया कि 22 सितंबर को इंद्री निवासी उनके परिचित कपिल मग्गू ने फोन कर एक फर्जी फेसबुक आईडी से आ रहे संदेशों की जानकारी दी। आरोपी ने उस फर्जी आईडी से संदेश भेजकर दावा किया कि सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट संतोष लाल का अन्य स्टेशन पर तबादला हो गया है, जिसके चलते वे अपना घरेलू सामान सस्ते दामों में बेच रहे हैं।

संदेश के साथ ही बेड, एसी, फ्रिज, एलईडी और लैपटॉप जैसी विभिन्न घरेलू वस्तुओं की तस्वीरें भी भेजी गईं। सामान खरीदने के इच्छुक लोगों से 1 लाख 15 हजार रुपये गूगल-पे के माध्यम से भेजने को कहा गया और बाद में फोन पर भी बातचीत की गई। मामला सामने आते ही सन्नी मग्गू ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को सतर्क किया। उन्होंने एक सार्वजनिक अपील जारी कर लोगों से आग्रह किया कि डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी फर्जी व्यक्ति या अकाउंट पर कोई रकम न भेजें।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक संजय लाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से फर्जी आईडी चलाने वाले और ठगी के इस नेटवर्क के पीछे छिपे शातिर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.