लखनऊ में 60 घंटे की भारी बारिश से इकाना स्टेडियम के पास धंसी सड़क, प्रशासन ने पॉलीथिन से ढंका

लखनऊ में लगातार बारिश से इकाना स्टेडियम के पास सड़क धंसी। प्रशासन ने मरम्मत की बजाय पॉलीथिन से ढंका, लोगों में रोष।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 60 घंटे से हो रही लगातार बारिश की वजह से कई सड़कें धंस गई हैं. इकाना स्टेडियम के पास की सड़क भी बुरी तरह से धंसी है. सूचना मिलने पर एलडीए के अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत कराने के बजाय टूटे हिस्से को चादर और पॉलीथिन से ढंक दिया है. इससे हादसे की आशंका प्रबल हो गई है. बताया जा रहा है कि लगातार बारिश की वजह से सड़क के नीचे का बड़ा हिस्सा धंस गया है.

सड़क धंसने के बाद मौके की कई तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही है. इसके बाद हरकत में आए एलडीए के अधिकारियों ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को हरे रंग की चादर लगाकर कवर करा दिया है. सड़क के टूटे और धंसे हिस्से को पर कई बड़ी पॉलीथिन लगाकर भी ढंकने की कोशिश की गई है. फिलहाल इन तस्वीरों को लेकर एलडीए की कार्यशैली और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.

जानलेवा हुई सड़कें

इस बारिश में राजधानी लखनऊ में कई सड़कें धंसी है. खासतौर पर आलम बाग में मुख्य सड़क धंसने की वजह से हादसे की आशंका प्रबल हो गई है. दरअसल, शहर में बीते 60 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. इसकी वजह से शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है. इस जलभराव के बीच वाहनों की आवाजाही की वजह से सड़कों के नीचे की मिट्टी पर दबाव बन रहा है और इसकी वजह से सड़कें लगातार धंस रही हैं.

सड़कों पर बने गड्ढे

शहर की सड़कों पर जलभराव के बावजूद वाहनों की आवाजाही की वजह से ज्यादातर सड़कें उखड़ गई हैं. कई सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे हो गए हैं. चूंकि इन गड्ढों में पानी भरा है, ऐसे में लगातार हादसे होने लगे हैं. राहगीरों के मुताबिक तीन दिन की बारिश में ही शहर की लगभग सभी सड़कें उखड़ गई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.