भिवानी के सिपाही विकास सांगवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

यूपी पुलिस में तैनात भिवानी के सिपाही विकास सांगवान की सड़क हादसे में मौत। गांव संडवा में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई। पूरे गांव में शोक का माहौल।

तोशाम। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात भिवानी जिले के गांव संडवा निवासी सिपाही विकास सांगवान की उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह उनके पैतृक गांव संडवा में पुलिस टुकड़ी ने सलामी देकर राजकीय सम्मान के साथ उनकों अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।

जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर में पशु पालन विभाग की एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार मीरानपुर कटरा थाने में तैनात सिपाही विकास सांगवान, वेटरनरी चिकित्सक लक्ष्य सिंह और चालक अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सिपाही विकास सांगवान ने दम तोड़ दिया।
विकास सांगवान वर्ष 2020 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। थाना सदर बाजार में सेवाएं देने के बाद 30 जून 2024 को उनकी तैनाती मीरानपुर कटरा थाने में हुई थी। विकास सांगवान अपने पीछे पत्नी और ढाई वर्ष की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। उनका विवाह चार वर्ष पहले हुआ था।
बुधवार सुबह गांव संडवा में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस टुकड़ी ने उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस और स्थानीय पुलिस के जवान भी मौजूद रहे। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.