HTET-2025: भिवानी में 21 केंद्रों पर परीक्षा, 12,653 अभ्यर्थी होंगे शामिल

भिवानी में 4 और 5 जुलाई को आयोजित होगी HTET-2025 परीक्षा। प्रशासन ने निष्पक्ष परीक्षा के लिए कड़े निर्देश जारी किए। जानें परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थियों का आंकड़ा।

भिवानी। उपायुक्त साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में 4 और 5 जुलाई को होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर 12,653 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

डीसी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त स्टाफ का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। एचटेट में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। परीक्षा केंद्र अधीक्षक परीक्षा आयोजन से संबंधित बुकलेट का अच्छी तरह अध्ययन करें और उसमें दिए गए सभी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें।

डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि रूट चार्ट बनाकर रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। विशेष रूप से महाग्राम श्रेणी के गांवों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो। बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, डीएसपी अनूप कुमार, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू तथा दमकल अधिकारी रमन कुमार मौजूद रहे।

एचटेट के लिए जिले में यहां बनाए गए परीक्षा केंद्र
जिले में एचटेट के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भिवानी और बंसीलाल विश्वविद्यालय न्यू कैंपस, प्रेम नगर शामिल हैं। हलवासिया विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रोहतक गेट, केएम पब्लिक स्कूल, हांसी गेट तथा महाराजा नीमपाल सिंह (एमएनएस) राजकीय महाविद्यालय, हांसी रोड को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। द टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंस (टीआईटी एंड एस), बिड़ला कॉलोनी, तोशाम रोड, वैश्य कॉलेज भिवानी, करियर प्लेनेट पब्लिक स्कूल, महम रोड, डीएवी सेंचुरी पब्लिक स्कूल, कोंट रोड तथा डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन भी परीक्षा केंद्र हैं। इसके अलावा दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, देवसर मोड़, लोहारू रोड, लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल, कुसुम्भी मोड़, देवसर तथा लिटिल हार्ट इंटरनेशनल स्कूल, हुडा सेक्टर-13 को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
9,151 महिला और 3,502 पुरुष अभ्यर्थी देंगे एचटेट
4 और 5 जुलाई को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर एचटेट आयोजित होगा। परीक्षा में कुल 12,653 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 9,151 महिला और 3,502 पुरुष अभ्यर्थी हैं। 4 जुलाई को लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा 13 केंद्रों पर होगी। इसमें 4,096 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 5 जुलाई को लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा 21 केंद्रों पर होगी। इसमें 6,636 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी दिन लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा 6 केंद्रों पर आयोजित होगी। इसमें 1,027 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.