भिवानी: जूई नहर होगी अब कंक्रीट की, 20 करोड़ से बढ़ेगी जल क्षमता
भिवानी की लाइफलाइन जूई नहर का सुदृढ़ीकरण जारी। 20 करोड़ की लागत से कंक्रीट लाइनिंग से पक्का होने के बाद नहर की पानी क्षमता में 40 क्यूसेक तक की होगी वृद्धि।
भिवानी। करीब डेढ़ दशक बाद लोहानी पंप हाउस से लेकर जूई नहर तक एक लाख 10 हजार फीट लंबाई में नहर को कंक्रीट लाइनिंग से पक्का किया जाएगा। जूई वाटर डिविजन की ओर से करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से नहर सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य के पूरा होने के बाद जूई नहर की जल वहन क्षमता 30 से 40 क्यूसेक तक बढ़ जाएगी जिससे टेल तक बिना किसी रुकावट के नहरी पानी पहुंच सकेगा।
इस नहर से करीब 32 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होती है। साथ ही शहरी क्षेत्र के जलघरों के अलावा जिले के अधिकांश गांवों में पेयजल आपूर्ति की जरूरतें भी इसी के माध्यम से पूरी होती हैं। सिंचाई विभाग मुख्य नहरों के सुदृढ़ीकरण के जरिए उनकी क्षमता बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है। इसी योजना के तहत जूई नहर का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। नहर के किनारों को पहले की तुलना में करीब चार से पांच फीट तक चौड़ा किया गया है जबकि तलहटी में जमी गाद को हटाकर उसे भी पक्का किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद नहर की जल वहन क्षमता में 30 से 40 क्यूसेक की वृद्धि होगी।
रिमॉडलिंग से जूई नहर की कई बार बढ़ाई क्षमता
जूई नहर को कई बार रिमॉडलिंग कर इसकी क्षमता और पानी के प्रवाह को बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं। यह नहर बारिश के मौसम में अधिकतम क्षमता करीब 1200 क्यूसेक तक पहुंचा सकती है। वहीं सामान्य दिनों में पानी की मांग और उपलब्धता के अनुसार इसमें 500 से 650 क्यूसेक पानी छोड़ा जाता है।
जूई नहर का आरडी 88,000 से 1,78,800 तक कंक्रीट से पक्का किए जाने का काम किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ की लागत वाली नहर सुदृढ़ीकरण की इस परियोजना का काम करीब छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। पानी बंद रहने के दौरान नहर को पक्का किए जाने का काम तेजी से चल रहा है ताकि समय पर इसे पूरा किया जा सके। पहले यह नहर ईंटों से बनी थी मगर अब इस नहर को पहले से करीब चार से पांच फीट चौड़ा कर कंक्रीट लाइनिंग से पक्का किया जा रहा है। इससे इसकी 30 से 40 क्यूसेक पानी प्रवाह की क्षमता बढ़ जाएगी।