भिवानी: टीआईटी संस्थान में हाईटेक कंपोजिट इंजीनियरिंग लैब का उद्घाटन

भिवानी के टीआईटी (TIT) संस्थान में नई अत्याधुनिक कंपोजिट साइंस एवं इंजीनियरिंग प्रयोगशाला का उद्घाटन। विद्यार्थियों को मिलेगी एयरोस्पेस और डिफेंस तकनीक की ट्रेनिंग।

भिवानी। वस्त्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकीय संस्थान (टीआईटी) ने कंपोजिट साइंस एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए संस्थान में अत्याधुनिक हाईटेक कंपोजिट साइंस एवं इंजीनियरिंग प्रयोगशाला की स्थापना की है। इस प्रयोगशाला का उद्घाटन संस्थान के पूर्व छात्र एवं उद्योगपति सुभाष भार्गव ने किया।

संस्थान निदेशक प्रो. बीके बेहरा ने प्रयोगशाला की विशेषताओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह उत्तर भारत की सबसे आधुनिक कंपोजिट इंजीनियरिंग प्रयोगशालाओं में से एक है जिसमें अत्याधुनिक परीक्षण, निर्माण एवं विश्लेषण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि कंपोजिट सामग्री विज्ञान एवं इंजीनियरिंग आज एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, रक्षा, खेल उपकरण, चिकित्सा उपकरणों तथा उन्नत विनिर्माण उद्योगों का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है।

प्रो. बीके बेहरा ने बताया कि इस प्रयोगशाला की स्थापना से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा तथा उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि टीआईटी एंड साइंसेज ने पिछले वर्ष देश में अपनी तरह का पहला कॅरिअर उन्मुख मास्टर डिग्री कार्यक्रम एमटेक/मास्टर्स इन कंपोजिट साइंस एंड इंजीनियरिंग शुरू किया था जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों, इंजीनियरों एवं शोधार्थियों को उभरती कंपोजिट तकनीक में विशेषज्ञता प्रदान करना है।
इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य, मीडिया समन्वयक कमल सरदाना, डॉ. मनोज नंदा, प्रशासनिक प्रमुख प्रमोद कुमार तथा वित्त प्रबंधक ऐश्वर्य शर्मा उपस्थित रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.