भिवानी: तोशाम मार्ग पर मिट्टी कटाव रोकने के लिए सड़क के किनारे मजबूत

भिवानी-तोशाम मार्ग पर बारिश से हुए मिट्टी कटाव को रोकने के लिए PWD ने सड़क के दोनों किनारों को रोड़े डालकर मजबूत बनाने का काम शुरू कर दिया है।

भिवानी। अब भिवानी-तोशाम मार्ग पर मिट्टी कटाव सफर में रोड़ा नहीं बनेगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने भिवानी से बापोड़ा तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर दायरे में सड़क के दोनों किनारों को रोड़े डालकर मजबूत बनाने का काम शुरू कर दिया है।

सात से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ी की गई सड़क मानसून की पहली ही बारिश नहीं झेल पाई थी और किनारों पर खतरनाक मिट्टी कटाव बन गए थे जिससे हादसों का खतरा पैदा हो गया था। संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से 11 जुलाई को अमर उजाला में ‘मिट्टी सरक गई… सड़क रह गई’ शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था।

इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने समय रहते संज्ञान लेते हुए सड़क किनारों को स्थायी रूप से मजबूत करने का कार्य शुरू कराया है। पीडब्ल्यूडी ने 12 करोड़ रुपये की लागत से तोशाम से भिवानी तक लगभग 25 किलोमीटर लंबे सात मीटर चौड़े मार्ग का नवीनीकरण कराया था।

वहीं भिवानी से बापोड़ा गांव तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर हिस्से में सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की गई थी। सड़क चौड़ीकरण के बाद मानसून की पहली ही बारिश में किनारों की मिट्टी कई स्थानों पर गहरे और खतरनाक तरीके से कट गई।

इससे भारी वाहनों के दबाव में सड़क धंसने की आशंका बढ़ गई थी। कई जगह स्थिति ऐसी हो गई थी कि ऊपर केवल तारकोल की सड़क बची रह गई जबकि नीचे की मिट्टी और रोडी बारिश के पानी के साथ बहकर खेतों में चली गई।

इन कटावों को स्थायी रूप से रोकने के लिए निर्माण एजेंसी ने सड़क के दोनों किनारों पर ईंटों के रोड़े डालने का काम शुरू किया है। रोड़ों के ऊपर मिट्टी डाली जा रही है ताकि बारिश के दौरान मिट्टी का कटाव न हो और रोड़ों की वजह से किनारों की पकड़ मजबूत बनी रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.