भिवानी: दिनोद गांव में युवक की पीट-पीटकर हत्या, केस दर्ज

भिवानी के दिनोद गांव में 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या। खेत में बंधक बनाकर दी गई थी यातना। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

भिवानी। गांव दिनोद में सोमवार को रात खेत में बने कमरे में बंधक बनाकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार एक नामजद सहित अन्य खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। सदर थाने के जांच अधिकारी सत्यपाल के मुताबिक दिनोद निवासी दुलीचंद ने बताया कि उसके भतीजे रवि (23) को गांव के ही एक व्यक्ति ने फोन कर अपने खेत में बुलाया था। रवि करीब दो वर्ष पहले उसके ट्रैक्टर पर चालक के रूप में काम करता था। आरोप है कि रवि के खेत में पहुंचने पर कमरे में बंधक बना लिया।

उसके हाथ-पांव बांधकर लाठी-डंडों से पीटा और बाद में अधमरी हालत में कमरे के बाहर फेंक दिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और रवि को जिला नागरिक अस्पताल लेकर आए जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रवि तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसका एक भाई और एक बहन है। वह अविवाहित था और गांव में मजदूरी का काम करता था। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के पिता जनेश की शिकायत पर दीपक पुत्र सतबीर सहित अन्य के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.