भिवानी: नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
भिवानी में नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस और जजपा-इनसो का प्रदर्शन। लघु सचिवालय के बाहर पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की।
भिवानी। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को भिवानी में जजपा-इनसो और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताया। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा, पेपर लीक मामलों में कार्रवाई और लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे।
भिवानी। नीट पेपर लीक, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। बाद में एसडीएम महेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने किया। इस दौरान युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल और कांग्रेस के अन्य अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।