भिवानी: जिला न्यायालय परिसर में नए अधिवक्ताओं के लिए ओपन हॉल शुरू

भिवानी जिला न्यायालय परिसर में नए अधिवक्ताओं के लिए 150 सीटों वाला नया ओपन हॉल तैयार। बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं को अलॉट की टेबल, पढ़ें पूरी खबर।

भिवानी। जिला न्यायालय परिसर में नए अधिवक्ताओं के लिए तैयार किए गए ओपन हाॅल में करीब 150 अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था कराई गई है। जिला बार एसोसिएशन की ओर से नए अधिवक्ताओं को ओपन हाॅल में टेबल अलॉट कर दी गई हैं। इससे नए अधिवक्ताओं को बैठने की सुविधा मिलेगी।

जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ता चैंबर्स के समीप पुराने हाल के पास डी प्लान के बजट से पंचायती राज विभाग द्वारा नया शेड तैयार किया गया है। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट संदीप तंवर और सचिव विनोद भारद्वाज ने बताया कि नए शेड में करीब 150 अधिवक्ताओं के बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा बार सभागार के पास स्थित खुले हाॅल में पहले से ही 300 से अधिक अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था है। वहीं बार सभागार में करीब साढ़े चार सौ अधिवक्ताओं के चैंबर बने हुए हैं।

एडवोकेट संदीप तंवर ने बताया कि जिला बार एसोसिएशन में लगातार अधिवक्ताओं की संख्या बढ़ रही है। वर्तमान में भिवानी जिला बार में करीब साढ़े तीन हजार अधिवक्ता प्रेक्टिस कर रहे हैं। ऐसे में नए अधिवक्ताओं के लिए बैठने की व्यवस्था करना बार एसोसिएशन की प्राथमिकता है।

उन्होंने नए अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे वरिष्ठ अधिवक्ताओं से अनुभव प्राप्त कर अपने कॅरिअर को आगे बढ़ाएं और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने में अपनी भूमिका निभाएं। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.