भिवानी: पहाड़ी माता मंदिर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

भिवानी के पहाड़ी माता मंदिर से नकदी और कीमती आभूषण चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी से लाखों रुपये का सामान और नकद बरामद।

भिवानी। पहाड़ी माता मंदिर से नकदी और आभूषण चुराने के मामले में 26 जून को गिरफ्तार किए गए आरोपी आशीष ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया है कि वह मंदिर में दान में आए आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर अपने घर ले जाता था। तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से दो लाख रुपये नकद और पांच चांदी के बर्तन बरामद किए हैं जिनकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।

मंगलवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। लोहारू थाना के जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी आशीष ने बताया कि वह समय-समय पर मंदिर में आने वाले चढ़ावे की नकदी और श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए कीमती सामान की चोरी कर अपने घर ले जाता था।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद मंगलवार को आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी से दो लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए गए हैं।
लोहारू थाना में गांव पहाड़ी निवासी नरेश की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि पहाड़ी माता मंदिर से नकदी और कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 20 जून को आरोपी आशीष के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 100 ग्राम का एक सोने का बिस्किट, दो सोने के कड़े, एक चांदी का गिलास, दो चांदी के चम्मच, एक चांदी का दीपक सेट, एक चांदी की थाली, दो चांदी की प्लेटें, चार चांदी की कटोरियां तथा एक चांदी की लुटिया बरामद की गई। आरोपी इन सामानों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका जिसके बाद पुलिस ने सभी सामान कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने 26 जून को आरोपी आशीष को गिरफ्तार किया था। 27 जून को उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। मंगलवार को दोबारा न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार भेज दिया गया।

आरोपी ने पूछताछ में बताई मंदिर में निभाई जिम्मेदारियां
पुलिस के अनुसार आरोपी आशीष ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2009 से 2018 तक पहाड़ी माता मंदिर में चौकीदारों का इंचार्ज रहा। इसके बाद वर्ष 2018 से 2023 तक मंदिर के सीसीटीवी कैमरों का इंचार्ज रहा। इसी दौरान उसने मंदिर में चढ़ावे की नकदी और श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए आभूषण एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर अपने घर ले जाना शुरू कर दिया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.