भिवानी: मानसून से पहले सक्रिय हुआ प्रशासन, मुंढाल-तालू ड्रेन की सफाई शुरू

मानसून की तैयारियों को लेकर भिवानी में ड्रेन सफाई का कार्य तेज। मुंढाल-तालू लिंक ड्रेन की सफाई से जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत।

भिवानी। मानसून से पहले मुंढाल-तालू लिंक ड्रेन की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है और सिंचाई विभाग ने इसे 30 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। ड्रेन की सफाई पूरी होने के बाद बरसात के मौसम में पानी की निकासी सुचारू होगी तथा जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल छिल्लर ने बताया कि डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार मुंढाल-तालू लिंक ड्रेन की आंतरिक सफाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। गांव मुंढाल और कुंगड़ क्षेत्र में ड्रेन की आंतरिक सफाई का कार्य लगभग पूरा होने वाला है। सफाई कार्य लगातार प्रगति पर है और जल्द ही तालू क्षेत्र तक पहुंच जाएगा। विभागीय अधिकारी सफाई कार्य का निरंतर निरीक्षण भी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि लगभग 14.58 किलोमीटर (47,844 फीट) लंबी इस ड्रेन की सफाई पर 7.41 लाख रुपये की लागत खर्च की जा रही है। ड्रेन की सफाई पूरी होने से बारिश के दौरान पानी की निकासी बेहतर होगी और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या कम होगी। इस परियोजना से गांव मुंढाल खुर्द, मुंढाल कलां, तालू, कुंगड़, सिवाना तथा ढाणी मेहंदा के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.