भिवानी: मिलकपुर में जनसंवाद, पटवारी की लापरवाही पर एडीसी सख्त

भिवानी के मिलकपुर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने पटवारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान।

भिवानी। हरियाणा सरकार के रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत मंगलवार को गांव मिलकपुर में आयोजित जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पटवारी की कार्यशैली पर लापरवाही के आरोप लगाए। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने तत्काल लिंक पटवारी की नियुक्ति करने तथा तहसीलदार को संबंधित पटवारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गांव के शहीद जोगेंद्र कुमार राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एडीसी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, पशु चिकित्सा केंद्र तथा परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याएं भी उठाईं। एडीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया। एडीसी ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम केवल प्रशासनिक गतिविधि नहीं बल्कि सरकार की जनसंवाद के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझ रहा है और उनके समाधान में पारदर्शिता सुनिश्चित कर रहा है।
कार्यक्रम से पहले एडीसी ने गांव स्थित बाबा बंबगिरी जोहड़ का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की कलाकार मंडली ने हरियाणवी लोकगीतों के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा, नशा मुक्ति तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, क्रीड, कल्याण विभाग तथा बिजली विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर एसडीएम महेश कुमार, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, तहसीलदार जयवीर सिंह, बीडीपीओ नवीन मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, डीडीए डॉ. विनोद फौगाट सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

एडीसी ने शहीद की माता को किया सम्मानित
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने वर्ष 1999 में ऑपरेशन मेघदूत के दौरान शहीद हुए जोगेंद्र कुमार की माता शकुंतला को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्रशासन के गांव पहुंचने पर सरपंच भीम सिंह, समाजसेवी आनंद यादव, बबली नंबरदार, पूर्व सरपंच रामस्वरूप तथा ग्राम विकास मंडल मिलकपुर के सदस्यों ने एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविंद्र दलाल और डीएसपी दलीप को पगड़ी पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर प्रशासनिक अधिकारियों का अभिनंदन किया। एडीसी ने गांव के युवा नीरज को आईआईटी गुवाहाटी में प्रवेश मिलने पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
Leave A Reply

Your email address will not be published.