भिवानी: मुक्केबाज सचिन सिवाच ने राष्ट्रमंडल खेलों में दर्ज की शानदार जीत
भिवानी के मुक्केबाज सचिन सिवाच ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में कनाडा के खिलाड़ी को हराकर राउंड-16 में प्रवेश किया। परिजनों और गांव में खुशी का माहौल।
भिवानी। जिले के गांव मिताथल निवासी मुक्केबाज सचिन सिवाच ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को कनाडा के मुक्केबाज केओमा अल-अहमदियेह को 4-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने राउंड-16 में जगह बना ली है।
सचिन के कोच टेकराम ने बताया कि राउंड-16 में उनका अगला मुकाबला 27 जुलाई को इंग्लैंड के मुक्केबाज से होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सचिन आगे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। सचिन की जीत पर परिजनों में खुशी का माहौल है। उनकी बहन नेहा ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सचिन इस प्रतियोगिता में देश के लिए पदक जीतकर भारत और भिवानी का नाम रोशन करेंगे।