भिवानी में खत्म हुआ नप पार्षदों और प्रशासन का गतिरोध, अब नंबरदार करेंगे वारिसान की तस्दीक
भिवानी नगर परिषद पार्षदों और प्रशासन का विवाद खत्म। अब वारिसान की तस्दीक नंबरदार करेंगे, पार्षद केवल रिहायशी दस्तावेजों की रिपोर्ट देंगे।
भिवानी। वारिसान की तस्दीक से पार्षदों को अलग करने की मांग को लेकर बुधवार को नगर परिषद के पार्षदों और प्रशासन के बीच चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया। अब वारिसान की तस्दीक नगर परिषद के पार्षदों के बजाय नंबरदार करेंगे जबकि पार्षद अपने-अपने क्षेत्र के लोगों की रिहायश से संबंधित दस्तावेजों की ही रिपोर्ट करेंगे।
नगर परिषद के पार्षदों ने ज्ञापन सौंपकर वारिसान की तस्दीक की जिम्मेदारी से उन्हें अलग करने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम महेश कुमार ने तहसीलदार भिवानी को अपने कार्यालय में बुलाया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद तय किया गया कि वारिसान की तस्दीक अब नंबरदार करेंगे। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यह राजस्व विभाग से संबंधित कार्य है, इसलिए इसमें पार्षदों की भूमिका नहीं होगी। अब पार्षद अपने-अपने क्षेत्र के लोगों की रिहायश से संबंधित दस्तावेजों की ही रिपोर्ट कर सकेंगे।